दिल्ली सरकार के 'देश के मेंटॉर' कार्यक्रम के ब्रांड एंबेसडर बनेंगे सोनू सूद
By अनिल शर्मा | Updated: August 27, 2021 12:39 IST2021-08-27T12:24:49+5:302021-08-27T12:39:21+5:30
मुख्यमंत्री केजरीवाल ने बताया कि यह कार्यक्रम विशेष तौर पर सरकारी स्कूलों के गरीब बच्चों को करियर को लेकर गाइड करने से संबंधित है और सूद खुद भी कुछ बच्चों के मेंटॉर बनेंगे।

दिल्ली सरकार के 'देश के मेंटॉर' कार्यक्रम के ब्रांड एंबेसडर बनेंगे सोनू सूद
दिल्लीः बॉलीवुड अभिनेता सोनू सूद सामाजिक कार्यों में हमेशा अपनी भागीदारी निभाते हैं। कोरोना महामारी में लोगों की मदद से लेकर बीमारों के इलाज और बच्चों की पढ़ाई पर भरसक मदद का प्रयास करते हैं। इस बीच दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने शुक्रवार को ऐलान किया कि अभिनेता सोनू सूद दिल्ली सरकार के 'देश के मेंटॉर' कार्यक्रम के ब्रांड एंबेसडर बनेंगे।
मुख्यमंत्री केजरीवाल ने बताया कि यह कार्यक्रम विशेष तौर पर सरकारी स्कूलों के गरीब बच्चों को करियर को लेकर गाइड करने से संबंधित है और सूद खुद भी कुछ बच्चों के मेंटॉर बनेंगे।
केजरीवाल ने कहा, “सरकारी स्कूलों में कुछ विद्यार्थी बहुत गरीब पृष्ठभूमि से आते हैं और उनका मार्गदर्शन करने वाले बहुत कम लोग होते हैं। हम शिक्षित लोगों से इन विद्यार्थियों का मार्गदर्शक बनने की अपील कर रहे हैं। सोनू सूद कार्यक्रम के लिए हमारे ब्रांड अंबेसेडर होंगे।”
केजरीवाल और सूद दोनों ने कहा कि राजनीति को लेकर कोई चर्चा नहीं हुई। मुख्यमंत्री ने सूद के साथ संयुक्त प्रेस वार्ता के दौरान कहा, “हमने केवल इस कार्यक्रम पर चर्चा की और कोई राजनीतिक चर्चा नहीं हुई।
देश के मैंटोर कार्यक्रम के लिए सोनू सूद हमारे ब्रांड एंबेसडर बनने के लिए तैयार हो गए हैं। उन्होंने कहा है कि वो भी कुछ बच्चों के मैंटोर बनेंगे: दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवालpic.twitter.com/wr6KUPmcrq
— ANI_HindiNews (@AHindinews) August 27, 2021