पोर्नोग्राफी मामले में शिल्पा शेट्टी के पति राज कुंद्रा को राहत, कोर्ट ने 50000 मुचलके पर दी जमानत
By सतीश कुमार सिंह | Updated: September 20, 2021 18:21 IST2021-09-20T17:46:22+5:302021-09-20T18:21:30+5:30
मुंबई पुलिस ने व्यवसायी राज कुंद्रा के विरुद्ध पूरक आरोप पत्र दायर किया था, जो अश्लील फिल्मों के उत्पादन और ऐप के जरिये उनके प्रदर्शन के मामले में जेल में बंद है।

हॉटशॉट्स ऐप के जरिये आरोपी अश्लील सामग्री को अपलोड एवं स्ट्रीमिंग करता था।
मुंबईः मुंबई की अदालत ने व्यवसायी और अभिनेत्री शिल्पा शेट्टी के पति राज कुंद्रा को पोर्नोग्राफी मामले में 50000 रुपये के मुचलके पर जमानत दे दी है। बॉलीवुड अभिनेत्री शिल्पा शेट्टी के पति कुंद्रा को 19 जुलाई को गिफ्तार किया गया था।
मुंबई की मजिस्ट्रेट अदालत ने अश्लील फिल्म मामले में जेल में बंद कारोबारी राज कुंद्रा को जमानत दे दी। कुंद्रा (46) ने अदालत के समक्ष जमानत याचिका दायर की थी, जिसमें दावा किया गया था कि मामले में मुंबई पुलिस की अपराध शाखा द्वारा दायर पूरक आरोप पत्र में उनके खिलाफ एक भी सबूत नहीं है। व्यवसायी ने अपनी याचिका में दावा किया था कि इस बात का कोई सबूत नहीं है कि वह कथित संदिग्ध अश्लील सामग्री के निर्माण में "सक्रिय रूप से" शामिल था और उसे मामले में "बलि का बकरा" बनाया जा रहा था।
Mumbai court grants bail to businessman and actor Shilpa Shetty's husband Raj Kundra in the pornography case on a surety of Rs 50,000 pic.twitter.com/jtEB9Ixd5C
— ANI (@ANI) September 20, 2021
राज कुंद्रा के खिलाफ भारतीय दंड संहिता और सूचना प्रौद्योगिकी अधिनियम की विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है। इस समय कुंद्रा न्यायिक हिरासत में हैं। अभियोजन के मुताबिक हॉटशॉट्स ऐप के जरिये आरोपी अश्लील सामग्री को अपलोड एवं स्ट्रीमिंग करता था।
बॉलीवुड अभिनेत्री शिल्पा शेट्टी ने मुंबई पुलिस को दिए एक बयान में दावा किया कि उन्हें अपने पति राज कुंद्रा की गतिविधियों के बारे में पता नहीं था क्योंकि वह अपने काम में व्यस्त थीं। उसने पुलिस को बताया कि वियान इंडस्ट्रीज लिमिटेड की शुरुआत साल 2015 में राज कुंद्रा ने की थी। कंपनी में उनकी 24.50% हिस्सेदारी है और अप्रैल 2015 से जुलाई 2020 तक इसके निदेशक थे।