Sab Kushal Mangal Review: सब कुशल होने के बाद भी फिल्म की कहानी में कुछ भी मंगल नहीं है, पढ़ें 'सब कुशल मंगल' का रिव्यू
By ऐश्वर्य अवस्थी | Updated: January 3, 2020 09:58 IST2020-01-03T09:58:15+5:302020-01-03T09:58:15+5:30
सब कुशल मंगल फिल्म के ट्रेलर को फैंस से मिला जुला रिस्पांस मिला था। अब आज फिल्म पर्दे पर रिलीज हो गई है। आइए जानते हैं कैसी है ये फिल्म-

Sab Kushal Mangal Review: सब कुशल होने के बाद भी फिल्म की कहानी में कुछ भी मंगल नहीं है, पढ़ें 'सब कुशल मंगल' का रिव्यू
'जबरिया जोड़ी' के बाद पकड़वा विवाह पर एक और फिल्म आई है, जिसका नाम है 'सब कुशल मंगल'। इस फिल्म से दो स्टार्स के बड़े बॉलीवुड में डेब्यू करने जा रहे हैं। पद्मिनी कोल्हापुरी को बेटे प्रियांक शर्मा और रवि किशन की बेटी रीवा किशन। सब कुशल मंगल फिल्म के ट्रेलर को फैंस से मिला जुला रिस्पांस मिला था। अब आज फिल्म पर्दे पर रिलीज हो गई है। आइए जानते हैं कैसी है ये फिल्म-
फिल्म की कहानी
ये कहानी है कर्नलगंज के एक लोकल नेता और गुंडा बाबा भंडारी (अक्षय खन्ना) की, जो लड़कों को जबरदस्ती पकड़कर उन लड़कियों से शादी करवाता है जिनका परिवार लड़के वालों को दहेज देने में असमर्थ है। उसकी नजर में ये काम परोपकारी है। ऐसे में एक बार वह टीवी पत्रकार पप्पू मिश्रा (प्रियांक शर्मा) को अगवा करवाता है। लेकिन यहां से कहानी में मोड़ आता है।भंडारी को उसी लड़की मंदिरा (रीवा किशन) से पहली नजर में प्यार हो जाता है, जिसके लिए उसने पत्रकार को अगवा किया था। लड़की किससे शादी करेगी कहानी पूरी इसी के इर्द गिर्द घूम रही है।
निर्देशन
निर्देशन करण विश्वनाथ कश्यप ने अच्छे विषय को फिल्म के लिए चुना लेकिन वह इसमें चूकते नजर आए हैं।इस फिल्म की कहानी में निर्देशक ने कॉमेडी घोलने की कोशिश की है लेकिन वह इसमें असफल हुए हैं। फिल्म कई जगह बहुत कमजोर सी आपको महसूस होगी। हालांकि कुछ जगहों पर सटीक कॉमेडी को पेश किया गया है।
एक्टिंग
अक्षय खन्ना पहले ही सीन में शानदार एंट्री लेते हैं। मूंछे और लंबे वालों वाला लुक अक्षय का फैंस को भा जाने वाला है। लेकिन अभिनय की बात करें तो पहली बार वह कमजोर से नजर आए हैं। एक अलग किरदार दिखाने में अक्षय चूक से गए हैं। फिल्म के दोनों नए चेहरे प्रियांक शर्मा और रीवा किशन अपने किरदारों में अच्छे लग रहे हैं। लेकिन दोनों के बीच की केमेस्ट्री जीरो है। तेज तर्रार मंदिरा के किरदार में रीवा ने पूरा न्याय करने की कोशिश की है। लेकिन प्रियांक शर्मा अपनी एक्टिंग से निराश करते नजर आए हैं।