राहुल गांधी की बहन के रोल का हुआ खुलासा, जानें मनमोहन की बॉयोपिक में कौन बनीं प्रियंका गांधी
By ऐश्वर्य अवस्थी | Updated: June 28, 2018 16:13 IST2018-06-28T16:10:32+5:302018-06-28T16:13:40+5:30
पूर्व प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह पर बनी फिल्म ‘दि एक्सीडेंटल प्राइम मिनिस्टर’ में कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी और प्रियंका गांधी के किरदार का खुलासा हो गया है।

राहुल गांधी की बहन के रोल का हुआ खुलासा, जानें मनमोहन की बॉयोपिक में कौन बनीं प्रियंका गांधी
पूर्व प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह पर बनी फिल्म ‘दि एक्सीडेंटल प्राइम मिनिस्टर’ में कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी और प्रियंका गांधी के किरदार का खुलासा हो गया है। फिल्म में पूर्व पीएम मनमोहन सिंह की भूमिका निभा रहे अनुपम खेर ने फिल्म का एक पोस्टर इंस्टाग्राम पर पोस्ट किया है जिसमे प्रियंका गाँधी और राहुल गाँधी का लुक सामने आया है। फिल्म में अहाना कुमरा प्रियंका गाँधी का किरदार निभाती नज़र आएँगी जबकि अर्जुन माथुर राहुल गाँधी का किरदार निभाएंगे। अहाना कुमरा इससे पहले फिल्म ‘लिपिस्टिक अंडर माय बुर्का' में नजर आई थी।
अनुपम ने अपने इंस्टाग्राम पर फिल्म का एक पोस्टर शेयर किया है, जिसमें तीनों एक्टर्स मनमोहन सिंह, प्रियंका गांधी और राहुल गांधी के किरदार में नजर आ रहे हैं। अनुपम ने पोस्टर को शेयर करते हुए लिखा- ‘पेश कर रहा हूं हमारी फिल्म ‘दि एक्सीडेंटल प्राइम मिनिस्टर’ में श्री राहुल गांधी के रूप में अर्जुन माथुर और प्रियंका गांधी के रूप में अहाना कुमरा। शपथ ग्रहण समारोह 2004।’
बता दें कि ‘दि एक्सीडेंटल प्राइम मिनिस्टर’ इसी नाम से लिखी गई किताब पर बेस्ड है। इस किताब को संजय बारू ने लिखा है जो मनमोहन सिंह के मीडिया एडवाइजर रह चुके हैं। मनमोहन सिंह 2004 से 2014 तक यूपीए सरकार में लगातार दो बार प्रधानमंत्री चुने गए थे। डॉ. मनमोहन सिंह का नाम देश के जाने-माने अर्थशास्त्रियों में शामिल है। उन्होंने 90 के दशक में देश के आर्थिक सुधारों में अहम भूमिका निभाई थी। डॉ. सिंह अपनी शालीनता के लिए मशहूर हैं।
फिल्म का निर्देशन विजय गुट्टे ने किया है। फिल्म में डॉ. सिंह के मीडिया एडवाइजर रहे संजय बारू का किरदार अक्षय खन्ना निभाते हुए नज़र आएंगे और कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी का किरदार सुजैन बर्नर्ट निभाएंगी। फिल्म इसी साल 21 दिसंबर को रिलीज हो रही है।