Oscars 2023: पैन नलिन की फिल्म 'छेल्लो शो' ऑस्कर पुरस्कार में भारत की आधिकारिक एंट्री, फिल्मकार ने कहा- हे भगवान, कैसी होगी आज की रात
By मनाली रस्तोगी | Updated: September 20, 2022 21:06 IST2022-09-20T18:32:23+5:302022-09-20T21:06:48+5:30
पैन नलिन द्वारा निर्देशित गुजराती फिल्म छेल्लो शो में भाविन रबारी, भावेश श्रीमाली, ऋचा मीणा, दीपेन रावल और परेश मेहता हैं।

Oscars 2023: पैन नलिन की फिल्म 'छेल्लो शो' ऑस्कर पुरस्कार में भारत की आधिकारिक एंट्री, फिल्मकार ने कहा- हे भगवान, कैसी होगी आज की रात
नई दिल्ली: फिल्म फेडरेशन ऑफ इंडिया ने मंगलवार को बताया कि गुजराती फिल्म छेल्लो शो (Last Film Show) ऑस्कर पुरस्कार 2023 के लिए भारत की तरफ से आधिकारिक प्रविष्टि है। पैन नलिन (Pan Nalin) द्वारा निर्देशित फिल्म में भाविन रबारी, भावेश श्रीमाली, ऋचा मीणा, दीपेन रावल, परेश मेहता हैं। फिल्म का प्रीमियर 2021 में ट्रिबेका फिल्म फेस्टिवल में हुआ था। अक्टूबर 2021 में फिल्म ने 66वें वलाडोलिड अंतर्राष्ट्रीय फिल्म समारोह में गोल्डन स्पाइक जीता। पैन नलिन का मूल नाम नलिन पण्डया है और वह मूलतः गुजरात के रहने वाले हैं। पैन नलिन को अंतरराष्ट्रीय जगत में संसार (Samsar) फिल्म से ख्याति मिली। संसार फिल्म एक बौद्ध भिक्षु के जीवन पर आधारित थी।
इंडीवायर के डेविड एर्लिच ने नलिन की फिल्म छेल्लो शो को "आने वाली उम्र की कहानी" के साथ "फिल्मों के जादू पर एक अलौकिक टेक" कहा। बता दें कि ऐसा माना जा रहा था कि ऑस्कर पुरस्कार 2023 के लिए आरआरआर और द कश्मीर फाइल्स भी दौड़ में शामिल हैं, लेकिन ऐसा नहीं हुआ और छेल्लो शो को ऑस्कर पुरस्कार 2023 के नामित किया गया। पिछले साल फिल्म निर्माता विनोथराज पीएस द्वारा निर्देशित तमिल नाटक कूझंगल (कंकड़) को सर्वश्रेष्ठ अंतर्राष्ट्रीय फीचर फिल्म श्रेणी में भारत की आधिकारिक प्रविष्टि के रूप में चुना गया था। हालांकि फिल्म शॉर्टलिस्ट में जगह नहीं बना पाई थी।
OMG! What a night this going to be! Gratitude to Film Federation of India and thank you FFI jury members. Thank you for believing in Chhello Show. Now I can breathe again and believe in cinema that entertains, inspires and enlightens! @LastFilmShow1#ChhelloShow#Oscars
— Nalin Pan (@PanNalin) September 20, 2022
बताते चलें कि अभी तक किसी भी भारतीय फिल्म ने ऑस्कर नहीं जीता है। आखिरी भारतीय फिल्म जिसने सर्वश्रेष्ठ अंतरराष्ट्रीय फीचर श्रेणी में अंतिम पांच में जगह बनाई थी वह 2001 में आशुतोष गोवारिकर की आमिर खान-स्टारर लगान थी। शीर्ष पांच में जगह बनाने वाली अन्य दो भारतीय फिल्में मदर इंडिया (1958) और सलाम बॉम्बे (1989) हैं। मालूम हो, 95वां अकादमी पुरस्कार समारोह 12 मार्च 2023 को लॉस एंजिल्स के डॉल्बी थिएटर में आयोजित किया जाएगा।
