नहीं रहीं लोक गायिका अर्चना महंत, गृहमंत्री अमित शाह ने जताया शोक
By भाषा | Updated: August 27, 2020 22:10 IST2020-08-27T22:10:44+5:302020-08-27T22:10:44+5:30
प्रख्यात लोक गायिका अर्चना महंत का बृहस्पतिवार को एक निजी अस्पताल में निधन हो गया। केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह ने महंत के निधन पर शोक व्यक्त करते हुए कहा कि उनकी मधुर आवाज हमेशा दुनिया के विभिन्न हिस्सों में श्रोताओं को मंत्रमुग्ध करती रहेगी।

नहीं रहीं लोक गायिका अर्चना महंत, गृहमंत्री अमित शाह ने जताया शोक
केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह ने बृहस्पतिवार को प्रख्यात लोक गायिका अर्चना महंत के निधन पर शोक व्यक्त किया और कहा कि उनकी मधुर आवाज हमेशा दुनिया के विभिन्न हिस्सों में श्रोताओं को मंत्रमुग्ध करती रहेगी। महंत का बृहस्पतिवार को गुवाहाटी के एक निजी अस्पताल में निधन हो गया। महंत को मस्तिष्काघात के बाद अस्पताल में भर्ती कराया गया था।
शाह ने असमी भाषा में ट्वीट किया,‘‘मैं गायिका अर्चना महंत के निधन से दुखी हूं। वह असम के सबसे प्रसिद्ध लोक संगीत कलाकारों में से एक थीं। उनकी सुरीली आवाज हमेशा दुनिया के विभिन्न हिस्सों से श्रोताओं को मंत्रमुग्ध करती रहेगी। इस कठिन समय में मैं अर्चना महंत के परिवार और प्रियजनों के प्रति अपनी गहरी संवेदना व्यक्त करता हूं। ओम शांति।’’ उनके परिवार में उनकी एक बेटी और बेटा पापोन हैं। पापोन बॉलीवुड में मशहूर पार्श्व गायक हैं।
যশস্বী গায়িকা অৰ্চনা মহন্তৰ বিয়োগত দুঃখিত হৈছোঁ। তেখেতে আছিল অসমৰ লোকসংগীতৰ এগৰাকী প্ৰখ্যাত শিল্পী। তেখেতৰ অমিয়া কণ্ঠই বিশ্বৰ বিভিন্ন প্ৰান্তৰ শ্ৰোতাক সদায়েই মন্ত্ৰমুগ্ধ কৰি ৰাখিব। এই শোকৰ মুহূৰ্তত অৰ্চনা মহন্তৰ পৰিয়ালবৰ্গ আৰু গুণমুগ্ধসকললৈ গভীৰ সমবেদনা জনালোঁ। ঔঁ শান্তি
— Amit Shah (@AmitShah) August 27, 2020
महंत अपने पति और संगीत नाटक अकादमी पुरस्कार विजेता खगेन महंत के साथ प्रस्तुति देती थीं। खगेन की जून 2014 में मृत्यु हो गई थी। असम के मुख्यमंत्री सर्वानंद सोनोवाल ने कहा, मैं प्रसिद्ध असमिया लोक गायिका अर्चना महंत के निधन की खबर सुनकर शोकाकुल हूं। आज, हमने राज्य के सांस्कृतिक दिग्गजों के बीच के एक चमकते सितारे को खो दिया है।”
उन्होंने कहा, ‘‘मैं शोक संतप्त परिवार के सदस्यों के प्रति अपनी गहरी संवेदना और सहानुभूति व्यक्त करता हूं और दिवंगत आत्मा को शांति के लिए प्रार्थना करता हूं।’’ असम के वित्त मंत्री हिमंत बिस्व सरमा ने संवेदना व्यक्त करते हुए कहा कि महंत की मृत्यु राज्य के सांस्कृतिक क्षेत्र के लिए एक अपूरणीय क्षति है। उद्योग और वाणिज्य मंत्री चंद्र मोहन पटवारी ने कहा कि दिग्गज असमिया गायिका को उनके सदाबहार गीतों के लिए हमेशा याद रखा जाएगा। भाजपा, कांग्रेस, एजीपी और अन्य राजनीतिक दलों के साथ-साथ सामाजिक संगठनों और गणमान्य लोगों ने भी उनके निधन पर शोक व्यक्त किया है।