लाइव न्यूज़ :

विजय दर्डा का ब्लॉग: सत्ता में रहने वालों के हजार हाथ, जो दिखते नहीं..!

By विजय दर्डा | Updated: November 15, 2020 17:19 IST

डोनाल्ड ट्रम्प कोरोना महामारी से लड़ नहीं पाए तो अमेरिकी जनता ने उन्हें सत्ता से बाहर का रास्ता दिखा दिया. लग रहा था कि बिहार में भी नीतीश को जनता लौटने का मौका नहीं देगी लेकिन सारे अनुमान धरे के धरे रह गए! क्योंकि सत्ता तो आखिर सत्ता होती है! उसके हजार हाथ होते हैं जो दिखाई नहीं देते.

Open in App

एक बड़ी पुरानी कहावत है कि सत्ता के हजार हाथ होते हैं जो दिखाई नहीं देते. सत्ता के चमत्कार नजर भी नहीं आते! बिहार चुनाव के परिणाम इस कहावत को सही साबित करते नजर आते हैं. आखिर ऐसा क्या था कि नीतीश कुमार फिर से सत्ता में लौट कर आ जाएं? हकीकत में ऐसा कुछ भी नहीं था. दिल्ली, मुंबई, गुजरात और राजस्थान से पैदल अपने गांव पहुंचे मजदूरों की व्यथा चुनाव में भारी पड़नी चाहिए थी. बेरोजगारी का मुद्दा चलना चाहिए था लेकिन सारे मुद्दे कहीं कोने में क्यों दुबक गए? नीतीश कुमार का सातवीं बार मुख्यमंत्री बनना एक ‘चमत्कार’ जैसा लग रहा है!

यह सभी जानते हैं कि सरकार में होने के अपने अपरंपार फायदे होते हैं और जब दिल्ली की सत्ता भी साथ में हो तो सोने पर सुहागा वाली कहावत चरितार्थ हो जाती है. किसी चीज की कमी नहीं रह जाती है. नीतीश कुमार को एनडीए ने मुख्यमंत्री पद के लिए  चेहरा बनाया था तो जाहिर तौर पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से लेकर केंद्र के दर्जनों मंत्री चुनाव में पूरी ताकत से उतरे हुए थे और संसाधनों की तो कोई कमी थी ही नहीं. इसके बावजूद लग रहा था कि नीतीश के प्रति नाराजगी इन संसाधनों पर भारी पड़ेगी लेकिन सत्ता की ताकत, उसके हजार हाथ भारी पड़ गए और आखिर सत्ता की जीत हुई.

ये सवाल बेमानी हो गए कि बिहार में उद्योग-धंधे विकसित क्यों नहीं हो पा रहे हैं? लोगों को काम की तलाश में देश के दूरदराज इलाकों में क्यों जाना पड़ता है? सरकारी नौकरियों में साढ़े पांच लाख से ज्यादा पद क्यों खाली पड़े हुए हैं? कोविड के दौरान आंकड़ों को छिपाने की कोशिश क्यों की गई? कोविड से कितनी मौतें हुईं, इसका आंकड़ा सरकार क्यों छिपा रही है? बिहार के लोग इतने कुशाग्र और मेहनतकश हैं फिर भी उनके लिए बिहार में कोई अवसर उपलब्ध क्यों नहीं है?

इन सवालों को आरजेडी के तेजस्वी यादव ने पूरी ताकत से उठाया. बिहार के युवाओं के सामने 10 लाख नौकरियों के सृजन का वादा भी रखा. सरकार की पूरी पोल खोलने के लिए एड़ी-चोटी का जोर भी लगा दिया लेकिन वे संसाधनों की कमी से जूझ रहे थे. उनकी पीठ पर हाथ रखने के लिए उनके पिता लालू प्रसाद यादव मैदान में नहीं थे. इधर असदुद्दीन ओवैसी उन्हीं का वोट काटने के लिए मैदान में उतर चुके थे. ओवैसी ने अंतत: पांच सीटें जीत भी ली हैं.

जाहिर सी बात है कि ओवैसी की पार्टी ने महागठबंधन का वोट काटा है. चिराग पासवान ने नीतीश के जदयू को तो नुकसान पहुंचाया ही है, राजद को मिलने वाले दलित वर्ग के वोट भी काट लिए. चिराग पासवान और ओवैसी भाजपा की ‘बी टीम’ बनकर विपक्ष को हानि पहुंचा रहे थे. इसके बावजूद  तेजस्वी यादव ने जिस तरह का हौसला दिखाया और एनडीए को जिस तरह की टक्कर दी, वह निश्चय ही काबिलेतारीफ है. उनके नेतृत्व में आरजेडी सबसे बड़े दल के रूप में उभरा है.

यदि ओवैसी मैदान में न होते और कांग्रेस पिछले चुनाव जितनी भी सीटें ले आती तो आज बिहार के मुख्यमंत्री पद पर तेजस्वी यादव बैठे होते. कांग्रेस को ज्यादा सीटें देना उनके लिए घातक साबित हुआ. इन सबके बावजूद यह कहने में कोई संकोच नहीं कि तेजस्वी बिहार की नई उम्मीद बनकर उभरे हैं. उन्होंने नेतृत्व क्षमता का परिचय दिया है.

जहां तक एनडीए की जीत का सवाल है तो इसमें महाराष्ट्र के पूर्व मुख्यमंत्री और बिहार चुनाव के प्रभारी देवेंद्र फडणवीस का बहुत बड़ा योगदान रहा है. उन्हें पता था कि नीतीश कुमार का ग्राफ नीचे गिरा है इसलिए भाजपा को ज्यादा सीटों पर चुनाव लड़ना चाहिए. नीतीश के अड़ियल रवैये को उन्होंने दरकिनार कर दिया था और इसी का नतीजा है कि भाजपा ने पिछले चुनाव की तुलना में 21 सीटें ज्यादा हासिल की हैं. उसने अपनी रणनीति कुशलता और चिराग का साथ लेकर जदयू का कद नीचे ला दिया है.

अब नीतीश कुमार भाजपा को आंखें दिखाने की स्थिति में बिलकुल नहीं हैं. भाजपा अब बड़े भाई की भूमिका में है. दरअसल नीतीश कुमार जब तक भाजपा की रणनीति को समझ पाते तब तक बहुत देर हो चुकी थी. भाजपा ने नीतीश की जमीन पर कब्जा कर लिया है. अगले चुनाव में नीतीश बची-खुची जमीन भी न खो दें. लेकिन यह बाद की बात है. नीतीश ने कह भी दिया है कि यह उनका आखिरी चुनाव था.

भाजपा की रणनीति है भी यही कि जहां भी संभव हो और जब भी संभव हो, सहयोगी दल को लंबा कर दिया जाए. महाराष्ट्र में यही काम उसने शिवसेना के साथ करने की कोशिश की थी लेकिन शिवसेना को बात समझ में आ गई और उसने भाजपा का साथ छोड़ दिया. नीतीश ऐसी हालत में पहुंच चुके हैं कि वे भाजपा का साथ छोड़ कर कहीं जा भी नहीं सकते! ..लेकिन इन सारी राजनीतिक परिस्थितियों के बीच सबसे बड़ा नुकसान बिहार का हुआ है. एनडीए और नीतीश कुमार चाहे जितने दावे करें, हकीकत यह है कि उनके राज में बिहार में कुछ भी नहीं बदला है. पिछड़े राज्य का ठप्पा अभी भी लगा हुआ है. ऐसा लगता है कि सत्ता जीत गई है लेकिन बिहार का आम आदमी हार गया है. 

टॅग्स :बिहार विधान सभा चुनाव 2020नीतीश कुमार
Open in App

संबंधित खबरें

भारतबिहार में CM नीतीश कुमार के बेटे निशांत कुमार को सीएम बनाने की मांग को लेकर महिलाओं ने शुरू किया सत्याग्रह

भारतबिहार में सत्ता हस्तांतरण को लेकर सियासी हलचल हुई तेज, 12 अप्रैल को नीतीश कुमार दे सकते हैं मुख्यमंत्री पद से इस्तीफा, भाजपा में मुख्यमंत्री को लेकर जारी है मंथन 

भारतबिहार से दिल्ली तक की नई पारी, नीतीश कुमार 10 अप्रैल को लेंगे राज्यसभा सांसद की शपथ, पूरी डिटेल यहां

क्राइम अलर्टबिहार सिपाही भर्ती घोटालाः मुश्किल में पूर्व डीजीपी एसके सिंघल?, ईओयू ने किया जवाब तलब, गंभीर खामियां सामने

भारत‘फ्यूचर सीएम ऑफ बिहार’?, निशांत कुमार को मुख्यमंत्री बनाओ, जदयू कार्यकर्ताओं ने पटना में लगाए पोस्टर

भारत अधिक खबरें

भारतगोदामों से सीधे एलपीजी सिलेंडर की बिक्री पर सख्त प्रतिबंध, सीएम रेखा गुप्ता ने कहा-भंडारण केंद्रों पर न जाएं और न ही भीड़ में इकट्ठा हों

भारतउच्च शिक्षा और अनुसंधान की चुनौतियां

भारतआदिवासी खेल: नई प्रतिभाओं की तलाश में एक सार्थक पहल

भारतबारामती विधानसभा उपचुनावः सीएम फडणवीस की बात नहीं मानी?, कांग्रेस ने उपमुख्यमंत्री सुनेत्रा पवार के खिलाफ आकाश मोरे को चुनाव मैदान में उतारा

भारतUP की महिला ने रचा इतिहास! 14 दिनों में साइकिल से एवरेस्ट बेस कैंप पहुंचने वाली पहली भारतीय महिला बनीं