India-France Partnership: मरीन ड्राइव पर राष्ट्रपति मैक्रों के जॉगिंग का संदेश!, वीडियो
By लोकमत समाचार सम्पादकीय | Updated: February 17, 2026 20:09 IST2026-02-17T20:09:14+5:302026-02-17T20:09:14+5:30
मुंबई है जहां पाकिस्तानी आतंकवादियों ने कोहराम मचाया था लेकिन अब वो बीते जमाने की बात हो चुकी है.

file photo
मुंबई में मरीन ड्राइव पर फ्रांस के राष्ट्रपति इमानुएल मैक्रों ने न केवल इतिहास रच दिया बल्कि उन्होंने पूरी दुनिया को यह संदेश दे दिया कि भारत की सुरक्षा व्यवस्था पर उन्हें कितना भरोसा है. आपको याद होगा कि बांग्लादेश की क्रिकेट टीम ने कुछ ही दिन पहले भारत की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर अनर्गल प्रलाप किया था और हालात यहां तक पहुंच गए कि उसे टी20 वर्ल्ड कप से बाहर होना पड़ा. सुरक्षा व्यवस्था को लेकर पाकिस्तान भी बकवास करता रहता है और अपने गिरेबां में झांकने की कोशिश नहीं करता.
इमानुएल मैक्रों मंगलवार की सुबह भारत पहुंचने के कुछ ही देर बाद होटल से निकल कर जॉगिंग के लिए मरीन ड्राइव पहुंच गए. उनके सुरक्षाकर्मी उनसे दूरी बना कर चल रहे थे. ये वही मुंबई है जहां पाकिस्तानी आतंकवादियों ने कोहराम मचाया था लेकिन अब वो बीते जमाने की बात हो चुकी है.
इमानुएल मैक्रों मरीन ड्राइव पर जॉगिंग के लिए निकले तो यह अचानक नहीं हुआ होगा. उनकी सुरक्षा टीम ने भी इस बात पर भरोसा किया कि फ्रांस के राष्ट्रपति भारत में समुद्र किनारे चहलकदमी कर सकते हैं जहां और भी सैकड़ों लोग उस वक्त जॉगिंग कर रहे होंगे तो यह पूरी दुनिया के लिए एक बहुत बड़ा संदेश है.
यह संदेश विश्वास का है, भाईचारे का है, भरोसे का है, प्रेम का है. यह हमारे नेताओं के लिए भी संदेश है जो सुरक्षा का लवाजमा साथ लेकर चलते हैं और कई बार जिनका काफिला आम आदमी के लिए परेशानी का कारण बनता है. दरअसल कई बार नेता सुरक्षा कारणों से कम, अपना रुतबा दिखाने के लिए ज्यादा ताम-झाम करते हैं,
जबकि सादगी पसंद नेताओं से आम जनता का जुड़ाव बहुत जल्दी बन जाता है, चाहे वे देश के हों या विदेश के. आम लोगों के साथ जाॅगिंग करके मैक्रों ने सिर्फ मुंबईवासियों ही नहीं बल्कि पूरे भारतवासियों का दिल जीत लिया है. मरीन ड्राइव पर अपनी चहलकदमी से इतने सारे संदेश देने वाले मैक्रों का दिल से शुक्रिया!