ब्लॉग: अर्थव्यवस्था को गति प्रदान करने में महासागरों का भी योगदान

By योगेश कुमार गोयल | Updated: June 8, 2024 15:06 IST2024-06-08T15:03:54+5:302024-06-08T15:06:35+5:30

समुद्रों का हमारे जीवन में बेहद महत्वपूर्ण स्थान है लेकिन बढ़ते मानवीय क्रियाकलापों के कारण दुनियाभर के महासागर बुरी तरह प्रदूषित हो रहे हैं।

Oceans also contribute to boosting the economy | ब्लॉग: अर्थव्यवस्था को गति प्रदान करने में महासागरों का भी योगदान

फाइल फोटो

Highlightsविश्व महासागर दिवस के आयोजन के जरिये समुद्रों की साफ-सफाई के प्रति जन-जागरूकता फैलाया जाता है भोजन और दवाओं के प्रमुख स्रोत तथा जीवमंडल का बेहद महत्वपूर्ण हिस्सा हैं महासागर का संरक्षण बेहद जरूरी है

समुद्रों का हमारे जीवन में बेहद महत्वपूर्ण स्थान है लेकिन बढ़ते मानवीय क्रियाकलापों के कारण दुनियाभर के महासागर बुरी तरह प्रदूषित हो रहे हैं। इसीलिए विश्व महासागर दिवस के आयोजन के जरिये समुद्रों की साफ-सफाई के प्रति जन-जागरूकता फैलाने के साथ लोगों को उनके रोजमर्रा के जीवन में महासागरों की प्रमुख भूमिका का स्मरण कराया जाता है।

दरअसल भोजन और दवाओं के प्रमुख स्रोत तथा जीवमंडल का बेहद महत्वपूर्ण हिस्सा हैं महासागर, इसीलिए इनका संरक्षण बेहद जरूरी है। वायु और जल ही पृथ्वी पर जीवन के आधार हैं और हमारी पृथ्वी का करीब दो तिहाई हिस्सा महासागरों से घिरा है, जिनमें पृथ्वी पर उपलब्ध समस्त जल का करीब 97 प्रतिशत जल समाया हुआ है। हालांकि पृथ्वी का इतना बड़ा हिस्सा जल से घिरा होने के बावजूद दुनियाभर में शुद्ध पानी की मात्रा बेहद कम है। समुद्रों से घिरे होने के कारण ही पृथ्वी को ‘वाटर प्लैनेट’ भी कहा जाता है लेकिन अब इसी वाटर प्लैनेट का अस्तित्व खतरे में है। 

महासागर पर्यावरण संतुलन में अहम भूमिका निभाते हैं और पृथ्वी पर जीवन का प्रतीक हैं। अनादिकाल से महासागर जीवन के विविध रूपों को संजोए हुए हैं, जिनमें अति सूक्ष्म जीवों से लेकर विशालकाय व्हेल तक अनेक प्रकार के जीव-जंतु और वनस्पतियां पनपती हैं।

वैज्ञानिकों का अनुमान है कि समुद्रों में जीवों की करीब दस लाख प्रजातियां मौजूद हैं, जिनका प्राकृतिक आवास हैं महासागर। असीम जैव विविधता के प्रतीक महासागर पृथ्वी के फेफड़ों की भांति हैं, इन्हीं से पूरी दुनिया को अधिकांश ऑक्सीजन मिलती है, जिससे हम सांस लेते हैं। इसके अलावा मानव द्वारा उत्पादित तीस फीसदी से भी ज्यादा कार्बन डाइऑक्साइड को पृथ्वी के यही फेफड़े ग्रहण करते हैं।

दुनियाभर में कई देशों की अर्थव्यवस्था को गति प्रदान करने में भी महासागरों का बहुत बड़ा योगदान है।महासागर खाद्य पदार्थों का प्रमुख स्रोत होने के कारण हमारी अर्थव्यवस्था को सुदृढ़ बनाने में महत्वपूर्ण योगदान देते हैं। विशेषज्ञों के अनुमान के मुताबिक समुद्री और तटीय संसाधनों का वैश्विक स्तर पर बाजार मूल्य प्रतिवर्ष तीन ट्रिलियन डॉलर है।

तटीय इलाकों में निवास करने वाले मछुआरों के अलावा समुद्री टूर ऑपरेटरों, लाइफगार्ड, सर्फ प्रशिक्षक, डाइविंग स्कूल, जल क्रीडा तथा बंदरगाह व्यवसाय से जुड़े लोगों और नाविकों को रोजगार भी महासागरों से ही मिलता है।

कुछ अध्ययनकर्ताओं का मानना है कि समुद्रों में बढ़ते प्रदूषण और समुद्री जीवों पर इसके दुष्प्रभावों की वजह से समुद्री तटों के आसपास रहने वाले समुदायों को 1.38 लाख करोड़ रुपए से भी अधिक का नुकसान पहुंच रहा है।

‘ओशियन क्लीनअप’ नामक संगठन द्वारा किए गए एक शोध के मुताबिक प्लास्टिक समुद्रों में रहने वाली सात सौ से भी ज्यादा जीवों की प्रजातियों को नुकसान पहुंचा रहा है। 

Web Title: Oceans also contribute to boosting the economy

कारोबार से जुड़ीहिंदी खबरोंऔर देश दुनिया खबरोंके लिए यहाँ क्लिक करे.यूट्यूब चैनल यहाँ इब करें और देखें हमारा एक्सक्लूसिव वीडियो कंटेंट. सोशल से जुड़ने के लिए हमारा Facebook Pageलाइक करे