Lok Sabha Elections 2024: हवा-हवाई बात मत कीजिए!, जल संसाधन मंत्री संजय झा ने कहा-फूलपुर से चुनाव नहीं लड़ेंगे सीएम नीतीश, 2025 तक मुख्यमंत्री रहेंगे
By एस पी सिन्हा | Updated: August 5, 2023 14:51 IST2023-08-05T14:50:00+5:302023-08-05T14:51:48+5:30
Lok Sabha Elections 2024: नीतीश कुमार 2024 चुनाव में विपक्ष को एक करके भाजपा के खिलाफ मजबूती से लड़ने की मुहिम में लगे हुए हैं।

file photo
पटनाः बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के यूपी में फूलपुर से लोकसभा चुनाव लड़ने को लेकर चल रही चर्चा को आज राज्य के जल संसाधन मंत्री संजय झा ने आज पूरी तरह से खारिज कर दिया। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के चुनाव लड़ने की अभी कोई बात नहीं है।
नीतीश कुमार 2024 चुनाव में विपक्ष को एक करके भाजपा के खिलाफ मजबूती से लड़ने की मुहिम में लगे हुए हैं। आगे भी वो वही काम करेंगे। संजय झा ने कहा कि बिहार के लोगों ने 2025 तक जो जनाधार दिया है वो उसके अनुरूप काम करेंगे। इसके बाद की बात भविष्य की गर्भ में है। उन्होंने कहा कि नीतीश कुमार पूरे देश में विपक्षी पार्टियों को एक प्लेटफॉर्म पर लाने का काम कर रहे हैं।
नीतीश कुमार आज के डेट में विपक्षी एकता के वो एक धुरी हैं और वो इसके लिए काम कर रहे हैं। बता दें कि ग्रामीण विकास मंत्री और उत्तर प्रदेश के जदयू प्रभारी श्रवण कुमार ने यह कहा था कि फूलपुर के साथ उत्तर प्रदेश के कई सीटों पर जदयू का जनाधार है और वहां के लोगों की मांग है कि नीतीश कुमार उत्तर प्रदेश से चुनाव लड़े। इसके बाद से नीतीश कुमार के यूपी से चुनाव लड़ने की चर्चा तेज हो गई थी।