Lok Sabha Elections 2024: भाजपा नेताओं के साथ प्रभारी विनोद तावड़े ने की बैठक, लोकसभा क्षेत्र गोपालगंज, सुपौल, मधेपुरा, भागलपुर, बांका, नालंदा, पूर्णिया पर फोकस
By एस पी सिन्हा | Updated: October 10, 2023 19:12 IST2023-10-10T19:11:34+5:302023-10-10T19:12:53+5:30
Lok Sabha Elections 2024: बिहार भाजपा के प्रभारी विनोद तावड़े भी पार्टी पदाधिकारियों के साथ बैठक कर आगे की रणनीति बनाने में जुट गए हैं।

file photo
Lok Sabha Elections 2024: लोकसभा चुनाव को लेकर देश की तमाम राजनीतिक पार्टी अपने तरीके से तैयारी करने में जुट गई है। भाजपा ने भी लोकसभा चुनाव को लेकर कमर कस ली है। इसी कड़ी में बिहार भाजपा के प्रभारी विनोद तावड़े भी पार्टी पदाधिकारियों के साथ बैठक कर आगे की रणनीति बनाने में जुट गए हैं।
इसी क्रम में तावड़े की अध्यक्षता में आज प्रदेश भाजपा कोर कमिटी की बैठक हुई, जिसमें चुनावी रणनीति पर चर्चा की गई। इसमें पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष सम्राट चौधरी समेत कोर कमेटी के सभी दिग्गज नेता इसमें मौजूद रहे। इस बैठक में 6 लोकसभा क्षेत्र गोपालगंज, सुपौल, मधेपुरा, भागलपुर, बांका, नालंदा, पूर्णिया में पार्टी की तैयारियों की समीक्षा की गई।
इसमें बूथ कमेटियों के गठन से लेकर गठबंधन के स्वरूप पर भी चर्चा की गई। इन सभी सीटों पर जदयू के सांसद हैं। इन संसदीय क्षेत्रों को लेकर रणनीति तय करने को लेकर शीर्ष नेताओं ने मंत्रणा की। इसमें नेता प्रतिपक्ष विजय कुमार सिन्हा, विधान परिषद में नेता विपक्ष हरि सहनी, केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह सहित कई अन्य सांसद और विधायक बैठक में मौजूद थे।
सूत्रों के अनुसार भाजपा सबसे पहले उन लोकसभा सीटों पर नजर गड़ाए हुए है, जहां जदयू की मजबूत पकड़ है। ऐसे में कोर कमेटी की इस बैठक में भाजपा ने उन्हीं सीटों पर मन्त्रणा की है, जहां से जदयू के सांसद हैं। कैसे इन सीटों पर भाजपा अपनी दमदार उपस्थिति दर्ज करे इसे लेकर बैठक में चर्चा की गई।
यहां भाजपा का पिछले चुनावों में कैसा प्रदर्शन रहा था? इस पर पार्टी ने मंथन किया गया। इस बैठक में इसबात पर भी चर्चा हुई है कि बिहार में गठबंधन का स्वरूप कैसा होगा? कौन-कौन से दल एनडीए में शामिल होंगे और सीटों का फार्मूला क्या होगा?
इसके अलावा केंद्रीय गृह राज्य मंत्री अमित शाह के दौरे को लेकर भी चर्चा हुई है। बता दें कि केन्द्रीय गृहमंत्री अमित शाह एकबार फिर बिहार दौरे पर आ रहे हैं। 5 नवंबर को केन्द्रीय गृहमंत्री मुजफ्फरपुर में एक बड़ी रैली को संबोधित करेंगे। शाह के इस दौरे को लेकर भाजपा ने तैयारियां शुरू कर दी है।