सारण जिले में नर्तकी के साथ सामूहिक दुष्कर्म, पीड़िता की हालत गंभीर, पुलिस छानबीन में जुटी
By एस पी सिन्हा | Published: July 24, 2023 05:15 PM2023-07-24T17:15:27+5:302023-07-24T17:18:31+5:30
पीड़िता ने बताया कि ऑर्केस्ट्रा संचालिका के कहने पर मशरक से दूर किसी गांव में कार्यक्रम में हिस्सा लेने गई थी। जहां उसके साथ 10-15 लोगों के द्वारा बारी बारी से गलत कार्य किया गया है। इस घटना के बाद सदर अस्पताल के प्रसव वार्ड मे पीड़िता का मेडिकल जांच किया जा रहा है।
पटना: बिहार के सारण (छपरा) जिले में मशरक थाना क्षेत्र के एक गांव में एक कार्यक्रम में आई नर्तकी के साथ गांव के 10-15 युवकों के द्वारा सामूहिक दुष्कर्म किए जाने का मामला सामने आया है। पीड़िता उत्तर प्रदेश के गोंडा जिले की रहने वाली है। पीड़िता मशरक थाना क्षेत्र स्थित एक ऑर्केस्ट्रा में नर्तकी का काम करती है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार घटना के बाद पीड़िता को गंभीर स्थिति में बीती रात मढौरा स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया, जहां से प्राथमिक उपचार के बाद उसे बेहतर चिकित्सा के लिए उसे छपरा सदर अस्पताल रेफर किया गया। घटना के संबंध में बताया जाता है कि ऑर्केस्ट्रा की मालकिन के द्वारा उसे किसी के यहां भेजा गया था, जहां उसके साथ सामूहिक दुष्कर्म की घटना को अंजाम दिया गया है।
इस संबंध में पीड़िता ने बताया कि ऑर्केस्ट्रा संचालिका के कहने पर मशरक से दूर किसी गांव में प्रोग्राम देने गई थी। जहां उसके साथ 10-15 लोगों के द्वारा बारी बारी से गलत कार्य किया गया है। इस घटना के बाद सदर अस्पताल के प्रसव वार्ड मे पीड़िता का मेडिकल जांच किया जा रहा है। इस मामले में मशरक थानाध्यक्ष ने बताया कि जांच की जा रही है। पदाधिकारी को बयान के लिए छपरा सदर अस्पताल भेज दिया गया है। जांच और बयान के बाद कार्रवाई की जाएगी।
ये घटना ऐसे समय हुई है जब बिहार पहले से ही महिलाओं के खिलाफ हो रहे अपराध को लेकर चर्चा में है। हाल ही में नालंदा जिले में एक महिला को निर्वस्त्र करके पीटे जाने की घटना सामने आई थी। इसके बाद विपक्षी दल भाजपा ने राज्य सरकार को कटघरे में खड़ा किया था।
फिलहाल महिला सुरक्षा और महिलाओं के खिलाफ हो रहे अपराधों को लेकर पूरे देश में बहस छिड़ी हुई है। मणिपुर में दो महिलाओं को निर्वस्त्र कर घुमाए जाने की घटना को लेकर संसद में भी हंगामा है। ऐसे में बिहार में घटी ये घटना सीएम नीतीश कुमार के लिए मुसीबत खड़ी कर सकती है।