चिराग पासवान के एनडीए में शामिल होने पर चचेरे भाई ने कसा तंज, कहा- 'चिराग के खाने के दांत कुछ और दिखाने के कुछ और हैं'

By एस पी सिन्हा | Published: July 18, 2023 04:30 PM2023-07-18T16:30:49+5:302023-07-18T16:32:43+5:30

चिराग पासवान के साथ सीटों के विवाद पर प्रिंस राज ने कहा कि हर किसी को कहीं से भी चुनाव लड़ने का हक है। हमलोग जिसके साथ थे, आज भी हैं और आगे भी रहेंगे। बाकी लोग आते हैं और जाते हैं।

Cousin Prince Raj taunts Chirag Paswan joining NDA LJP Ram Vilas | चिराग पासवान के एनडीए में शामिल होने पर चचेरे भाई ने कसा तंज, कहा- 'चिराग के खाने के दांत कुछ और दिखाने के कुछ और हैं'

लोजपा (रामविलास) प्रमुख चिराग पासवान (फाइल फोटो)

Highlightsचिराग पासवान के एनडीए में शामिल होते ही पारस खेमे की बेचैनी बढ़ीसांसद प्रिंस राज ने बड़े भाई चिराग पर तीखा निशाना साधा हैप्रिंस राज ने कहा है कि चिराग की शर्तों पर किसी भी हाल में समझौता नहीं होगा

पटना: लोजपा (रामविलास) प्रमुख चिराग पासवान के एनडीए में शामिल होते ही राष्ट्रीय लोक जनशक्ति पार्टी की बेचैनी बढ़ गई है। पारस गुट के सांसद अब धीरे-धीरे खुलकर सामने आने भी लगे हैं। इसी कड़ी में चिराग पासवान के चचेरे भाई और समस्तीपुर के सांसद प्रिंस राज ने बड़े भाई पर तीखा निशाना साधा है। उन्होंने कहा कि लालू प्रसाद मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के बारे में कहा करते थे कि उनके पेट में दांत है, वैसा ही कुछ इनका(चिराग) है कि खाने के दांत कुछ और दिखाने के कुछ और हैं।

प्रिंस राज ने कहा है कि चिराग की शर्तों पर किसी भी हाल में समझौता नहीं होने जा रहा है। उन्होंने कहा कि बारगेनिंग कर एनडीए गठबंधन में शामिल हुए हैं। प्रिंस राज ने ये भी कहा कि हिन्दुस्तान में जो भी ये भावना रखता है कि विकास होना चाहिए और पीएम मोदी में आस्था जताता है, वो एनडीए के साथ आएगा, बाकी लोग दिखावा करेंगे।

वहीं, चिराग पासवान के साथ सीटों के विवाद पर प्रिंस राज ने कहा कि हर किसी को कहीं से भी चुनाव लड़ने का हक है। हमलोग जिसके साथ थे, आज भी हैं और आगे भी रहेंगे। बाकी लोग आते हैं और जाते हैं। चिराग पासवान पर तंज कसते हुए कहा कि वो लोग सीटों को लेकर ही एनडीए में आए हैं, वो इस बात से ही आ रहे हैं कि उन्हें सीट मिलेगा तो आएंगे, जनता भलीभांति समझती है।

वहीं, समस्तीपुर से चुनाव लड़ने का दावा करते हुए प्रिंस राज ने कहा कि बिल्कुल मैं वहीं से चुनावी अखाड़े में उतरुंगा। इसमें कोई सवाल ही नहीं उठता है। लेकिन 10 मुंह 10 बातें, भ्रम फैलाने वाले बहुत लोग हैं। उल्लेखनीय है कि हाजीपुर और समस्तीपुर लोकसभा सीट पर दावेदारी को लेकर एनडीए में शामिल चिराग पासवान और उनके चाचा पशुपति कुमार पारस के बीच संग्राम छिड़ गया है। चाचा और भतीजा एक ही सीट से चुनाव लड़ने पर अड़ गए हैं।

Web Title: Cousin Prince Raj taunts Chirag Paswan joining NDA LJP Ram Vilas

बिहार से जुड़ीहिंदी खबरोंऔर देश दुनिया खबरोंके लिए यहाँ क्लिक करे.यूट्यूब चैनल यहाँ इब करें और देखें हमारा एक्सक्लूसिव वीडियो कंटेंट. सोशल से जुड़ने के लिए हमारा Facebook Pageलाइक करे