"इंडिया" गठबंधन पर भाजपा ने पोस्टर के जरिए बोला हमला, लिखा-हर बुराई के लिए "क्विट इंडिया"
By एस पी सिन्हा | Updated: August 10, 2023 18:20 IST2023-08-10T18:17:18+5:302023-08-10T18:20:44+5:30
विपक्षी दलों के गठबंधन "इंडिया" के नाम को लेकर भाजपा और एनडीए में शामिल दल लगातार हमला बोल रहे हैं। 9 अगस्त को बापू के नेतृत्व में भारत छोड़ो आंदोलन की शुरुआत हुई थी।

photo-lokmat
पटनाः लोकसभा चुनाव जैसे-जैसे नजदीक आता जा रहा है, वैसे-वैसे सियासत भी गर्माती जा रही है। एक ओर जहां विपक्षा पार्टियों ने भाजपा का विजय रथ रोकने के लिए एकजुट होकर "इंडिया" गठबंधन बनाया है, तो वहीं भाजपा भी विपक्षी पार्टियों को घेरने का कोई मौका नहीं छोड़ रही है।
विपक्षी दलों के गठबंधन "इंडिया" के नाम को लेकर भाजपा और एनडीए में शामिल दल लगातार हमला बोल रहे हैं। 9 अगस्त को बापू के नेतृत्व में भारत छोड़ो आंदोलन की शुरुआत हुई थी। अब बिहार भाजपा ने पोस्टर लगाकर विपक्षी दलों के गठबंधन पर तीखा हमला बोला है।
पटना में बीजेपी कार्यालय के बाहर गुरुवार को एक ऐसा पोस्टर लगाया गया है, जिसके जरिए "इंडिया" गठबंधन पर तंज कसता नजर आ रहा है। इस पोस्टर के जरिए ने भाजपा ने विपक्षी दलों पर निशाना साधते हुए लिखा है कि हर बुराई के लिए "क्विट इंडिया।"
पोस्टर में सबसे ऊपर पीएम मोदी और जेपी नड्डा की तस्वीर लगी है, वहीं दूसरी ओर नेता प्रतिपक्ष विजय कुमार सिन्हा और बिहार भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष सम्राट चोधरी की भी तस्वीर लगी हुई है। फोटो के साथ ही पोस्टर पर लिखा है- "देश हर बुराई के लिए कह रहा है क्विट इंडिया और मोदी जी की फोटो के साथ लिखा भ्रष्टाचार क्विट इंडिया, तृष्टिकरण क्विट इंडिया और परिवारवाद क्विट इंडिया।"
दरअसल, 9 अगस्त को महात्मा गांधी के नेतृत्व में क्विट इंडिया मूवमेंट यानी भारत छोड़ो आंदोलन की शुरुआत हुई थी। इस मौके पर विपक्षी दलों को गठबंधन "इंडिया" को निशाने पर लेते हुए पीएम मोदी ने ट्वीट किया, "महात्मा गांधी के नेतृत्व में भारत छोड़ो आंदोलन ने आजादी दिलाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई थी। आज भारत एक स्वर में कह रहा है- भ्रष्टाचार क्विट इंडिया, वंशवाद क्विट इंडिया, तुष्टिकरण क्विट इंडिया।"