Bihar Politics News: राजद से ज्यादा हैसियत कांग्रेस की, कम सीट देने पर भड़के प्रदेश अध्यक्ष अखिलेश सिंह, लोकसभा चुनाव से पहले महागठबंधन में रार!
By एस पी सिन्हा | Updated: September 8, 2023 16:56 IST2023-09-08T16:55:17+5:302023-09-08T16:56:23+5:30
Bihar Politics News: कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष अखिलेश सिंह ने राजद को आइना दिखाते हुए कहा है कि सबसे बड़ी हैसियत तो कांग्रेस पार्टी की ही हैं।

file photo
Bihar Politics News: बिहार में राजद के द्वारा सीट शेयरिंग में हैसियत के हिसाब से सीट दिए जाने संबंधी बयान दिए जाने का बाद महागठबंधन(इंडिया) के भीतर ही भूचाल की स्थिति उत्पन्न हो गई है। राजद के इस बयान पर कांग्रेस ने पलटवार किया है। कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष अखिलेश सिंह ने राजद को आइना दिखाते हुए कहा है कि सबसे बड़ी हैसियत तो कांग्रेस पार्टी की ही हैं।
वर्तमान में भी लोकसभा में केवल हमारे ही सांसद हैं। जो लोग हैसियत की बात कर रहे हैं। वह देख लें कि केंद्र सरकार में विपक्ष में बिहार से कांग्रेस कोटे से ही एक मात्र सांसद हैं। प्रदेश अध्यक्ष से यह पूछे जाने पर कि कांग्रेस पहले जितनी सीटों पर चुनाव लड़ी थी उतनी सीटों पर ही चुनाव लड़ेगी या उससे ज्यादा या कम? इस सवाल पर अखिलेश सिंह थोड़े भड़कते हुए कहा कि हमने कमिटी की गठन कर ली है।
कमिटी तय करेगी की किसको कितना सीट मिलेगा? लेकिन हम इतना दावे के साथ कह सकते हैं कि कांग्रेस ने जितनी सीटों पर चुनाव लड़ी है उतनी ही सीट पर अब भी चुनाव लड़ेगी। अगर मेरे रहते हुए कांग्रेस को उचित सीट नहीं मिली तो फिर कब मिलेगी?
कांग्रेस को कमजोर पार्टी समझने वाले लोगों पर निशाना साधते हुए प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि कांग्रेस की स्थिति पहले से मजबूत हुई है। राहुल गांधी के नेतृत्व का असर पहले से ज्यादा हुआ है। खास करके भारत जोड़ो यात्रा के बाद तो कांग्रेस ने दो राज्य में हिमाचल प्रदेश और कर्नाटक में भाजपा से सत्ता छीनी है। वहीं इंडिया गठबंधन के बनने के बाद अब बीजेपी की उल्टी गिनती शुरू हो गई है।