बिहार मंत्रिमंडल विस्तारः नीतीश कुमार पर कांग्रेस दबाव!, कैबिनेट में दो और जगह की मांग, राजद कोटे से भी कुछ विधायक बनेंगे मंत्री, 23 जून के बाद विस्तार!
By एस पी सिन्हा | Updated: June 21, 2023 14:54 IST2023-06-21T14:52:17+5:302023-06-21T14:54:18+5:30
Bihar cabinet expansion: बिहार में महागठबंधन की सरकार बनने के बाद से ही कांग्रेस अपनी संख्या के हिसाब से लगातार कैबिनेट में दो और जगह मांग रही है।

file photo
पटनाः बिहार में मंत्रिमंडल का विस्तार करने के लिए कांग्रेस की ओर से मुख्यमंत्री नीतीश कुमार पर दबाव बनाया जाने लगा है। शायद यही कारण है कि बिहार कांग्रेस की ओर से यह दावा किया जाने लगा है कि विपक्षी एकता की बैठक के बाद बिहार में मंत्रिमंडल का विस्तार होगा, जिसमें और दो मंत्री कांग्रेस के कोटे से बनेंगे।
इसके साथ ही राजद कोटे से भी कुछ विधायक नीतीश कैबिनेट में शामिल हो सकते हैं। उधर, कांग्रेस के इस दावे को लेकर भाजपा ने सवाल खड़ा करते हुए दावा किया है कि जिस तरह से बिहार कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष का बयान आया है, उससे यह स्पष्ट है मुख्यमंत्री नीतीश कुमार, तेजस्वी यादव और अखिलेश सिंह के दबाव में काम कर रहे हैं।
दरअसल, बिहार में महागठबंधन की सरकार बनने के बाद से ही कांग्रेस अपनी संख्या के हिसाब से लगातार कैबिनेट में दो और जगह मांग रही है। लेकिन अबतक नीतीश कुमार कांग्रेस के किसी भी नेता की बात मानने के लिए तैयार नहीं थे। अभी कांग्रेस कोटे से दो मंत्री नीतीश कुमार की कैबिनेट में शामिल हैं।
पिछले दिनों जब कांग्रेस की ओर से दो और के लिए दबाव बढ़ा तो नीतीश कुमार ने यह कह दिया था कि मंत्रिमंडल में कांग्रेस और राजद को और कितनी सीटें मिलेंगी, इसका जवाब तेजस्वी यादव देंगे। ऐसे में नीतीश कुमार का यह बयान काफी चौंकानेवाला था, क्योंकि राज्य के मुख्यमंत्री तो वही हैं।
हालांकि, नीतीश कुमार के इस बयान के बाद उस वक्त लगे हाथ तेजस्वी यादव ने स्पष्ट रूप से कहा था कि कांग्रेस को एक मंत्री पद और मिल सकता है। लेकिन बिहार कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष अखिलेश सिंह का का दावा है कि 23 जून के बैठक के बाद बिहार में मंत्रिमंडल का विस्तार होगा।
जिसमें दो और मंत्री कांग्रेस के कोटे से बनेंगे, जिससे कांग्रेस के मंत्रियों की संख्या चार हो जाएगी। कांग्रेस के इस दावे के बाद भाजपा के प्रवक्ता संजय सिंह टाइगर ने कहा कि जिस तरह से बिहार कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष का बयान आया है, इससे यह जाहिर हो रहा है कि मुख्यमंत्री नीतीश कुमार, राजद नेता तेजस्वी यादव और कांग्रेस नेता अखिलेश सिंह के दबाव में काम कर रहे हैं।