MG Motor साल 2019 से करेगी भारत में कारोबार की शुरुआत, सबसे पहले लॉन्च करेगी नई एसयूवी
By सुवासित दत्त | Updated: March 20, 2018 13:28 IST2018-03-20T13:28:25+5:302018-03-20T13:28:25+5:30
MG Motor भारतीय बाज़ार के लिए हर साल एक नया प्रोडक्ट लेकर आएगी।

एमजी ज़ेडएस एसयूवी
भारतीय ऑटोमोबिल मार्केट साल दर साल बड़ा होता जा रहा है। खबर है कि साल 2020 तक भारत दुनिया का तीसरा सबसे ऑटोमोबिल मार्केट बन जाएगा। इसलिए कई अंतरराष्ट्रीय कार निर्माता कंपनियों के लिए भारत एक महत्वूर्ण बाज़ार बनता जा रहा है। बहुत जल्द Hyundai की स्वामित्व वाली कंपनी Kia Motors भारत में अपना कारोबार शुरू करने जा रही है। Kia Motors ने ऑटो एक्सपो 2018 में अपने बड़े प्रोडक्ट पोर्टफोलियो को शोकेस किया था। इसके अलावा SAIC की स्वामित्व वाली MG Motor भी भारतीय बाज़ार में कदम रखने को पूरी तरह से तैयार है।
MG Motor ने 19 मार्च को एक प्रेस कॉन्फ्रेंस आयोजित कर कंपनी की भविष्य की योजनाओं के बारे में जानकारी दी। MG Motor भारत में करीब 2000 करोड़ रुपये का निवेश कर रही है। कंपनी ने हालोल स्थित जनरल मोटर्स के प्लांट का अधिग्रहण कर लिया है और अब इस प्लांट को अपग्रेड किया जा रहा है। अगले 5 साल के अंदर कंपनी भारत में करीब 5000 करोड़ रुपये का निवेश करेगी। ब्रिटेन की इस मशहूर कार निर्माता कंपनी ने भारत में डीलर पार्टनर और अलग अलग सप्लायर से संपर्क करना शुरू कर दिया है। कंपनी 28 मार्च से 6 अप्रैल के बीच मुंबई, दिल्ली और बंगलुरु में डीलर रोड शो का आयोजन भी करने वाली है।
MG Motor सबसे पहले भारत में एक एसयूवी लॉन्च करने की योजना पर काम कर रही है। हालांकि, कंपनी ने इस एसयूवी के नाम की घोषणा नहीं की है। लेकिन, माना जा रहा है कि MG Motor की ये नई एसयूवी Hyundai Creta को टक्कर देगी। कंपनी के अधिकारियों ने बताया कि ये एक बिल्कुल नया प्रोडक्ट होगा जिसे खास तौर पर भारतीय बाज़ार के लिए तैयार किया जाएगा। खबरों की मानें तो ये एसयूवी MZ ZS हो सकती है।
MG Motor की इस नई एसयूवी को 2019 के दूसरी छमाही में लॉन्च किया जा सकता है। कंपनी ने इस बात का भी ऐलान किया कि MG Motor भारतीय बाज़ार के लिए हर साल एक नया प्रोडक्ट लेकर आएगी। साथ ही साथ भारतीय बाज़ार के लिए न्यू एनर्जी व्हीकल का भी निर्माण किया जाएगा।
इस मौके पर MG Motor India के प्रेसिडेंट और मैनेजिंग डायरेक्टर राजीव चाबा ने कहा, 'MG ब्रांड ब्रिटिश हेरिटेज का एक जाना माना नाम है। अब हम भारत में कदम रख रहे हैं और निकट भविष्य में भारतीय बाज़ार के लिए कई नए प्रोडक्ट लेकर आएंगे। हमरी कोशिश है कि हमारी कारों की पहचान प्रीमियम और ग्रेट वैल्यू प्रोडक्ट के तौर पर बने।'