Auto Expo 2018: ये है सबसे सस्ती इलेक्ट्रिक कैफे रेसर बाइक, जानें कीमत और खासियत
By सुवासित दत्त | Published: February 13, 2018 01:49 PM2018-02-13T13:49:18+5:302018-02-13T13:50:37+5:30
ऑटो एक्सपो 2018 में इलेक्ट्रिक कारों के साथ साथ कई इलेक्ट्रिक बाइक्स को भी शोकेस किया गया है।
ऑटो एक्सपो 2018 में इलेक्ट्रिक कारों के साथ साथ कई इलेक्ट्रिक बाइक्स को भी शोकेस किया गया है। इसी दौरान गुजरात की एक कंपनी ने देश की सबसे सस्ती इलेक्ट्रिक कैफे रेसर बाइक को लॉन्च किया। Menza Lucat एक इलेक्ट्रिक कैफे रेसर बाइक है जिसकी एक्स-शोरूम कीमत 2.79 लाख रुपये रखी गई है।
Menza Lucat की बुकिंग 14 फरवरी से शुरू कर दी जाएगी। कंपनी इस बाइक के साथ बैटरी भी लीज़ पर दे रही है जिसके लिए ग्राहकों को 4,000 रुपये प्रति महीने का चार्ज देना होगा। Menza Lucat को 84 फीसदी भारत में तैयार किया गया है। बाइक की डिलिवरी अगस्त महीने से शुरू कर दी जाएगी।
Menza Lucat में 72V Li-ion बैटरी लगाई गई है जिसे चार्ज करने में 4 घंटे का समय लगता है। इस बाइक को फास्ट चार्ज भी किया जा सकता है और इसमें करीब 90 मिनट का समय लगता है। ये बाइक 24hp का पावर और 60Nm का टॉर्क देता है। इस बाइक के साथ कंपनी कस्टमाइजेशन का भी ऑप्शन दिया गया है। इस बाइक को पेटीएम मॉल के ज़रिए भी खरीदा जा सकता है। इस बाइक की घर पर डिलिवरी भी की जा सकेगी।
कंपनी यमुना एक्सप्रेस वे पर अपना पहला चार्जिंग स्टेशन बना रही है। इसके अलावा कंपनी पूरे देश में अलग अलग जगहों पर चार्जिंग स्टेशन लगाने की तैयारी भी कर रही है। कंपनी का कहना है कि दो चार्जिंग स्टेशन की दूरी करीब 80 किलोमीटर होगी।