लोकसभा चुनाव नतीजों के बाद अब यूपी-बिहार की इन सीटों पर होगी उपचुनाव की जंग!
By आदित्य द्विवेदी | Published: May 22, 2019 08:43 AM2019-05-22T08:43:09+5:302019-05-22T08:43:09+5:30
उत्तर प्रदेश और बिहार के कई विधायकों और मंत्रियों ने लोकसभा चुनाव में अपनी किस्मत आजमाई है। अगर नतीजे पक्ष में रहे तो छह महीने के अंदर इनकी सीटों पर होगी उपचुनाव की जंग...
लोकसभा चुनाव 2019 की मतगणना 23 मई को होगी। नतीजे आने के बाद यूपी और बिहार में उपचुनाव की कवायद शुरू हो जाएगी। दरअसल, लोकसभा चुनाव में दोनों ही प्रदेशों के कई मंत्रियों और विधायकों ने चुनाव लड़ा था। अगर ये चुनाव जीत जाते हैं तो इनकी विधानसभा सीट खाली हो जाएगी। इस स्थिति में खाली सीट पर 6 माह के अंदर दोबारा चुनाव करवाए जाएंगे। जानिए, उन उत्तर प्रदेश और बिहार की उन सीटों का हाल जहां बन रही है उपचुनाव की स्थिति...
उत्तर प्रदेश के चार मंत्री और तीन विधायक मैदान में
उत्तर प्रदेश में योगी कैबिनेट के चार मंत्री और तीन विधायक लोकसभा चुनाव में अपनी किस्मत आजमा रहे हैं। मंत्रियों में सत्यदेव पचौरी, रीता बहुगुणा जोशी, एसपी सिंह बघेल और मुकुट बिहारी वर्मा शामिल हैं। विधायकों की बात करें तो उपेंद्र रावत, राम कुमार पटेल और संगल लाल गुप्ता चुनाव लड़ रहे हैं। अधिकांश एग्जिट पोल इनकी जीत की तरफ इशारा कर रहे हैं इसलिए पार्टियों ने इन सीटों पर उपचुनाव के लिए कमर कसना शुरू कर दिया है।
कौन कहां से लड़ रहा है चुनाव
- उत्तर प्रदेश सरकार में सूक्ष्म एवं लघु मंत्रालय का प्रभार संभाल रहे सत्यदेव पचौरी कानपुर से चुनाव लड़ रहे हैं।
- महिला कल्याण विभाग का प्रभार संभाल रही रीता बहुगुणा जोशी इलाहाबाद से चुनाव लड़ रही हैं।
- मत्स्य विभाग संभाल रहे एसपी सिंह बघेल आगरा से चुनाव लड़ रहे हैं।
- सहकारिता मंत्री मुकुट बिहार वर्मा अंबेडकर नगर से चुनाव लड़ रहे हैं।
बिहार के इन मंत्रियों और विधायकों की सीट दांव पर
बिहार सरकार में मंत्री पशुपति कुमार पारस और ललन सिंह इस बार लोकसभा चुनाव मैदान में हैं। इसके अलावा जेडीयू से दरौंदा सीट पर विधायक कविता सिंह और पाकड़ से आरजेडी विधायक शिव राम चंद्र भी चुनाव लड़ रहे हैं। अगर चुनाव नतीजे इनके पक्ष में आते हैं तो इनकी सीट पर उपचुनाव होने तय हैं।
कौन कहां से लड़ रहा है चुनाव
- बिहार सरकार में पशु एवं मत्य्स विभाग संभाल रहे पशुपति कुमार पारस हाजीपुर से चुनाव लड़ रहे हैं।
- बिहार सरकार में जल संसाधन, योजना और विकास मंत्री ललन सिंह मुंगेर से चुनाव लड़ रहे हैं।