RBSE 10th Result- 2023: राजस्थान बोर्ड के 10वीं के नतीजे जारी, लड़कों से बेहतर रहा लड़कियों का प्रदर्शन, ऐसे करें अपना रिजल्ट चेक
By विनीत कुमार | Updated: June 2, 2023 14:22 IST2023-06-02T14:01:16+5:302023-06-02T14:22:40+5:30
RBSE 10th Result- 2023: राजस्थान बोर्ड की 10वीं की परीक्षा में इस साल कुल 90.49% छात्र पास हुए हैं। लड़कियों का पास प्रतिशत लड़कों से ज्यादा है। बोर्ड ने इस साल कोई मेरिट लिस्ट जारी नहीं की है।

राजस्थान बोर्ड के 10वीं के नतीजे जारी (फाइल फोटो)
जयपुर: राजस्थान सेकेंडरी स्कूल बोर्ड (RBSE) ने शुक्रवार को 10वीं का रिजल्ट (RBSE 10th Result- 2023) घोषित कर दिया। राजस्थान बोर्ड की 10वीं की परीक्षा में कुल 90.49% छात्र पास हुए हैं। लड़कियों का पास प्रतिशत बेहतर है। लड़कियों का पास प्रतिशत 91.3% है जबकि लड़कों का पास प्रतिशत 89.78% है। बोर्ड ने कोई मेरिट लिस्ट जारी नहीं की है।
10वीं के रिजल्ट आधिकारिक वेबसाइट rajresults.nic.in, rajeduboard.rajasthan.gov.in, और rajasthan.indiaresults.com पर उपलब्ध हैं। छात्रों को परीक्षा उत्तीर्ण करने के लिए प्रत्येक विषय में कम से कम 33 प्रतिशत अंक या ग्रेड डी प्राप्त करने की जरूरत है। 10वीं की परीक्षा के लिए राजस्थान बोर्ड से 10 लाख से अधिक छात्र ने पंजीकरण कराया था।
राजस्थान बोर्ड मैट्रिक या 10वीं का रिजल्ट चेक करने के लिए छात्रों को अपने रोल नंबर और डेट ऑफ बर्थ की आवश्यकता होगी, जो परीक्षा से पहले छात्रों को दिए गए एडमिट कार्ड पर अंकित होगा। छात्र वेबसाइट्स पर जाकर अपने नतीजे चेक कर सकते हैं और मार्कसीट का प्रिंटआउट भी निकाल सकते हैंय़
छात्रों को ग्रेड भी मिलेंगे जो उनके अंकों के साथ लिखे होंगे। इसमें 100 से 91 अंक प्राप्त करने वालों को ग्रेड ए प्लस, 90 से 76 के बीच ग्रेड ए, 75 से 61 अंकों के बीच बी ग्रेड, 60 से 41 अंक प्राप्त करने वालों को ग्रेड सी और ग्रेड डी के तहत 33 से 40 अंक होंगे।
RBSE 10th Result 2023: कैसे चेक करें अपना रिजल्ट
- सबसे पहले बोर्ड की आधिकारिक वेबसाइट rajeduboard.rajasthan.gov.in पर जाएं।
- यहां होम पेज पर, 'NEWS UPDATE' में 'Examination Results - 2023 STATISTICS-2023' के लिंक पर आपको क्लिक करना होगा।
- यहां 'RBSE Ajmer board Secondary 10th result 2023' लिंक पर क्लिक करें।
- यहां मांगी हुई जानकारी भरें (रॉल नंबर) और क्लिक करें।
- इसके बाग आपका रिजल्ट स्क्रीन पर खुल जाएगा।
- छात्र-छात्राएं ऑनलाइन मार्कशीट डाउनलोड करके उसका प्रिंटआउट अपने पास रख सकते हैं।