"राजीव गांधी ने खोला था राम मंदिर का ताला, भाजपा वाले झूठे हैं", कर्नाटक सरकार के मंत्री ने बाबरी का ताले खोलने का जिक्र करते हुए कहा
By आशीष कुमार पाण्डेय | Published: January 8, 2024 07:13 AM2024-01-08T07:13:50+5:302024-01-08T07:21:26+5:30
कर्नाटक सरकार के मंत्री रामलिंगा रेड्डी ने राम मंदिर के मुद्दे पर भाजपा की आलोचना करते हुए कहा कि अयोध्या में बाबरी का ताला राजीव गांधी ने खोला था, ये भाजपा वाले केवल झूठ बोलने में माहिर हैं।
बेंगलुरु: कर्नाटक सरकार के मंत्री और कांग्रेस के वरिष्ठ नेता रामलिंगा रेड्डी ने बीते रविवार को अयोध्या के भव्य राम मंदिर का श्रेय लेने के लिए भाजपा को आड़े हाथों लिया। मंत्री रामलिंगा रेड्डी ने केंद्र में सत्ता की अगुवाई कर रही भाजपा पर जबरदस्त हमला करते हुए और पूर्व पीएम राजीव गांधी द्वारा 1985 में अयोध्या में तत्कालीन बाबरी मस्जिद के ताले खोलने का जिक्र करते हुए कहा, "यह बात याद रखनी चाहिए कि जब राजीव गांधी प्रधानमंत्री थे, तो उन्होंने राम मंदिर खोलने के लिए कदम उठाए थे।"
समाचार एजेंसी एएनआई के अनुसार मंत्री रेड्डी ने कहा, "अयोध्या में उस राम मंदिर को किसने खोला? जिस पर ताला लगा हुआ था। वो राजीव गांधी ही थे। जब वह प्रधानमंत्री थे, उन्होंने राम मंदिर खोलने के लिए कदम उठाया था। ये भाजपा के लोग झूठे हैं। उनके पास झूठ बोलने और झूठ बोलने के अलावा कोई और काम नहीं है। वे गलत प्रचार कर रहे हैं।"
इसके साथ ही कांग्रेस नेता रामलिंगा रेड्डी ने यह कहते हुए भी भाजपा पर हमला बोला कि भगवा पार्टी अपने फायदे के लिए धर्म को राजनीति में लाने का प्रयास कर रही है।
रेड्डी ने कहा, "कांग्रेस के लोग जन्मजात हिंदू हैं और हम हिंदू धर्म को राजनीति के साथ नहीं मिलाते हैं। ये भाजपा के लोग राजनीति को हिंदू धर्म के साथ मिलाते हैं। भाजपा वाले तो भगवान राम को भी राजनीति में लाते हैं। हम ये सब चीजें नहीं करते हैं।"
उन्होंने कहा, "22 जनवरी को अयोध्या में राम मंदिर 'प्राण प्रतिष्ठा' के अवसर पर कर्नाटक में एक विशेष पूजा आयोजित करने के लिए 34,000 मंदिरों को एक परिपत्र जारी किया गया है।"
मालूम हो कि अयोध्या में 22 जनवरी को राम मंदिर 'प्राण प्रतिष्ठा' के लिए तैयारियां जोरों पर चल रही हैं, जिसमें गणमान्य व्यक्ति और सभी क्षेत्रों के लोग शामिल होंगे। श्री राम जन्मभूमि तीरथ क्षेत्र ट्रस्ट ने 22 जनवरी को दोपहर में राम मंदिर के गर्भगृह में राम लला को विराजमान करने का निर्णय लिया है।
22 जनवरी को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी भव्य मंदिर में होने वाली रामलला की मूर्ति की स्थापना में शामिल होंगे। उनके अलावा राम मंदिर ट्रस्ट ने अभिनेता रजनीकांत, अमिताभ बच्चन, माधुरी दीक्षित, अनुपम खेर, अक्षय कुमार और जाने-माने निर्देशकों सुभाष घई, राजकुमार हिरानी, संजय लीला भंसाली और रोहित शेट्टी के साथ-साथ निर्माता महावीर जैन को निमंत्रण भेजा है। इसके अलावा, दक्षिण भारतीय हस्तियों चिरंजीवी, मोहनलाल, धनुष और ऋषभ शेट्टी को भी आमंत्रित किया गया है।
ट्रस्ट ने समारोह के लिए सभी संप्रदायों के 4,000 संतों को भी आमंत्रित किया है अयोध्या में राम लला के प्राण-प्रतिष्ठा का समारोह वैदिक अनुष्ठान द्वारा एक सप्ताह पहले 16 जनवरी को शुरू होगा। उसके लिए वाराणसी के एक पुजारी लक्ष्मी कांत दीक्षित अयोध्या आएंगे, जो राम लला के अभिषेक समारोह का मुख्य अनुष्ठान करेंगे। 14 जनवरी से 22 जनवरी तक अयोध्या में अमृत महाउत्सव मनाया जाएगा।