राहुल गांधी ने पीएम मोदी पर अरबपतियों का 16 लाख करोड़ कर्ज माफ करने का लगाया आरोप, कही ये बात
By मनाली रस्तोगी | Published: April 24, 2024 12:06 PM2024-04-24T12:06:19+5:302024-04-24T12:09:17+5:30
राहुल गांधी ने पीएम नरेंद्र मोदी पर अपने अरबपति 'दोस्तों' के 16 लाख करोड़ रुपये के कर्ज माफ करने का आरोप लगाया है और बताया है कि इस पैसे का इस्तेमाल देश में किसानों और बेरोजगार युवाओं की मदद के लिए कैसे किया जा सकता है।
नई दिल्ली: कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर अपने "अरबपति दोस्तों" के 16 लाख करोड़ रुपये के ऋण माफ करने का आरोप लगाया है। साथ ही यह भी बताया है कि किसानों की आत्महत्या को रोकने, बेरोजगार युवाओं और महिलाओं की मदद करने के लिए पैसे का इस्तेमाल कैसे किया जा सकता था।
राहुल गांधी का सुझाव है कि 16 लाख करोड़ से कम से कम 20 वर्षों तक पूरे देश के लिए कृषि ऋण माफ करने और 400 रुपये पर एलपीजी सिलेंडर पर सब्सिडी देने की लागत को कवर किया जा सकता है। उन्होंने ट्वीट करते हुए लिखा, "नरेंद्र मोदी ने अपने अरबपति मित्रों का 16 लाख करोड़ रुपये कर्जा माफ किया है! इतने पैसों से 16 करोड़ युवाओं को 1 लाख रू साल की नौकरी मिल सकती थी।"
उन्होंने आगे लिखा, "इतने पैसों से 16 करोड़ महिलाओं को 1 लाख रू साल देकर उनके परिवारों की जिंदगी बदली जा सकती थी, 10 करोड़ किसान परिवारों का कर्ज़ माफ कर अनगिनत आत्महत्याएं रोकी जा सकती थी, पूरे देश को 20 वर्षों तक मात्र 400 रुपये में गैस सिलेंडर दिया जा सकता था।"
उन्होंने ये भी कहा, "इतने पैसों से 3 साल तक भारतीय सेना का पूरा खर्च उठाया जा सकता था, दलित, आदिवासी और पिछड़े समाज के हर युवा की ग्रेजुएशन तक की पढ़ाई मुफ्त की जा सकती थी, जो पैसा 'हिंदुस्तानियों' के दर्द की दवा बन सकता था, उसे 'अडानियों' की हवा बनाने में खर्च कर दिया गया।"
नरेंद्र मोदी ने अपने अरबपति मित्रों का 1,60,00,00,00,00,000 मतलब 16 लाख करोड़ रुपया कर्ज़ा माफ किया है!
— Rahul Gandhi (@RahulGandhi) April 24, 2024
इतने पैसों से:
- 16 करोड़ युवाओं को 1 लाख रू साल की नौकरी मिल सकती थी
- 16 करोड़ महिलाओं को 1 लाख रू साल देकर उनके परिवारों की जिंदगी बदली जा सकती थी
- 10 करोड़ किसान…
अपनी बात को जारी रखते हुए कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने लिखा, "देश नरेंद्र मोदी को इस अपराध के लिए कभी माफ नहीं करेगा। अब हाथ बदलेगा हालात - कांग्रेस हर हिंदुस्तानी की प्रगति के लिए सरकार चलाएगी।"