Congress 8th candidate list 2024: सिंधिया के खिलाफ राव यादवेंद्र सिंह, चौहान को टक्कर देंगे शर्मा, कुल 194 उम्मीदवार घोषित
By सतीश कुमार सिंह | Published: March 27, 2024 10:52 PM2024-03-27T22:52:35+5:302024-03-27T23:33:34+5:30
Congress 8th candidate list 2024: कांग्रेस ने लोकसभा चुनाव के लिए बुधवार को 14 उम्मीदवारों की आठवीं सूची जारी की जिसमें सबसे प्रमुख नाम मध्य प्रदेश के विदिशा से प्रताप भानु शर्मा और गुना से राव यादवेन्द्र सिंह का है।
Congress 8th candidate list 2024: कांग्रेस ने लोकसभा चुनाव के लिए 14 उम्मीदवारों की आठवीं सूची जारी कर दी। मध्य प्रदेश के गुना से केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया के खिलाफ राव यादवेंद्र सिंह को टिकट दिया गया है। कांग्रेस ने मध्य प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान के खिलाफ विदिशा से प्रताप भानु शर्मा को उम्मीदवार बनाया है। उत्तर प्रदेश के गाजियाबाद से डॉली शर्मा और सीतापुर से नकुल दुबे को टिकट मिला है। कांग्रेस पार्टी ने बुधवार को लोकसभा चुनाव 2024 के लिए अपने उम्मीदवारों की आठवीं सूची जारी की। पार्टी ने चौदह सीटों के लिए उम्मीदवारों की घोषणा की, जिनमें से चार तेलंगाना और उत्तर प्रदेश से और तीन-तीन मध्य प्रदेश और झारखंड से हैं।
Congress Party releases its eight list of candidates for the Lok Sabha elections. pic.twitter.com/ZVoDrT7P8L
— ANI (@ANI) March 27, 2024
शर्मा मध्य प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान और यादवेंद्र सिंह केंद्रीय नागर विमानन मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया को चुनौती देंगे। चौहान दो दशक बाद लोकसभा चुनाव लड़ रहे हैं तो सिंधिया भाजपा की तरफ से पहली बार गुना से लोकसभा उम्मीदवार हैं। इससे पहले वह गुना से कांग्रेस के टिकट पर चुनाव लड़ते थे, लेकिन चार साल पहले उन्होंने भाजपा का दामन थाम लिया था।
कांग्रेस की सूची में झारखंड से तीन, मध्य प्रदेश से तीन, तेलंगाना से चार और उत्तर प्रदेश से चार उम्मीदवारों के नाम शामिल हैं। पार्टी की ओर से जारी उम्मीदवारों की सूची के अनुसार, उत्तर प्रदेश के गाजियाबाद से डॉली शर्मा, सीतापुर से नकुल दुबे, महाराजगंज से वीरेंद्र चौधरी और बुलंदशहर से शिवराम वाल्मीकि को टिकट दिया गया है।
मध्य प्रदेश के दामोह से तरवर सिंह लोधी को उम्मीदवार बनाया गया है। कांग्रेस ने झारखंड के खूंटी से कालीचरण मुंडा, लोहरदगा से सुखदेव भगत और हजारीबाग से जयप्रकाश पटेल को उम्मीदवार बनाया है। जयप्रकाश पटेल पिछले दिनों भाजपा से इस्तीफा देकर कांग्रेस में शामिल हुए थे।
तेलंगाना के आदिलाबाद से सुगन कुमारी चेलीमाला, निजामाबाद से टी. जीवन रेड्डी, मेडक से नीलम मधु और भोंगीर से सी किरण कुमार रेड्डी को कांग्रेस का उम्मीदवार बनाया गया है। कांग्रेस लोकसभा चुनाव के लिए अब तक 208 उम्मीदवारों की घोषणा कर चुकी है। इससे पहले उसने सात अलग-अलग सूची जारी करके कुल 194 उम्मीदवार घोषित किए थे।
देश में 18वीं लोकसभा के लिए चुनाव 19 अप्रैल से शुरू होंगे। इसके बाद छह और चरणों में 26 अप्रैल, सात मई, 13 मई, 20 मई, 25 मई और एक जून को मतदान होगा। लोकसभा के 543 निर्वाचन क्षेत्रों में लगभग 97 करोड़ पंजीकृत मतदाता 10.5 लाख मतदान केंद्रों पर अपने मताधिकार का इस्तेमाल कर सकेंगे। मतगणना चार जून को होगी।