केपटाउन: केपटाउन में तीसरे टेस्ट में दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ हार के बाद भारतीय टीम को आईसीसी वर्ल्ड टेस्ट चैम्पियनशिप (WTC 2021-23) के प्वाइंट टेबल में भी नुकसान उठाना पड़ा है। भारत को शुक्रवार को तीसरे टेस्ट में 7 विकेट से हार का सामना करना पड़ा।
दक्षिण अफ्रीका को WTC 2021-23 प्वाइंट टेबल में फायदा
तीसरे टेस्ट में जीत के साथ दक्षिण अफ्रीका ने भारत के खिलाफ तीन मैचों की सीरीज को 2-1 से अपने नाम किया। इस जीत से एक बार फिर भारत के दक्षिण अफ्रीका में टेस्ट सीरीज जीतने का सपना टूट गया। वहीं दक्षिण अफ्रीका को WTC 2021-23 प्वाइंट टेबल में भी फायदा हुआ है।
आईसीसी की ओर से जारी ताजा प्वाइंट्स टेबल के मुताबिक भारत 49.07 परसेंटेज ऑफ प्वाइंट्स के साथ पांचवे नंबर पर आ गया है। वहीं, दक्षिम अफ्रीका 66.66 परसेंटेज ऑफ प्वाइंट्स के साथ चौथे नंबर पर। इससे पहले टीम इंडिया चौथे नंबर पर थी। वहीं, दक्षिण अफ्रीका पांचवें नंबर पर था। WTC 2021-23 प्वाइंट टेबल में फिलहाल श्रीलंका टॉप पर है जबकि ऑस्ट्रेलिया दूसरे स्थान पर है।
भारत की दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ 7 विकेट से हार
तीसरे टेस्ट में दक्षिण अफ्रीका के सामने 212 रन का लक्ष्य था जो उसने शुक्रवार को तीन विकेट खोकर हासिल किया। इसमें कीगन पीटरसन (113) गेंदों पर 82 रन ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। उन्होंने तीसरे दिन कप्तान डीन एल्गर (30) के साथ 78 रन की साझेदारी करके मजबूत नींव रखी थी।
पीटरसन ने चौथे दिन सुबह रॉसी वान डर डुसेन (नाबाद 41) के साथ 52 रन जोड़कर भारत की उम्मीदों पर पानी फेरा। रही सही कसर वान डर डुसेन और तेम्बा वावुमा (नाबाद 32) के बीच 57 रन की अटूट साझेदारी ने पूरी कर दी।
भारत के पास दक्षिण अफ्रीका में पहली बार टेस्ट सीरीज जीतने का बेहतरीन मौका था। उसने सेंचुरियन में पहला टेस्ट मैच 113 रन से जीतकर शानदार शुरुआत की थी लेकिन जोहानिसबर्ग में दूसरा मैच सात विकेट से हार गया था। इस तरह से भारत ने सातवीं बार दक्षिण अफ्रीका में टेस्ट सीरीज गवाईं। इस बीच उसने एक बार 2010-11 में श्रृंखला 1-1 से बराबर की थी।