'वामिका को जाने दो, वह बहुत नींद में है, हम वापस आएंगे', बेटी को कैमरे से बचाने के लिए विराट-अनुष्का ने किया ऐसा
By शिवेंद्र राय | Published: August 2, 2022 04:32 PM2022-08-02T16:32:18+5:302022-08-02T16:35:01+5:30
विराट कोहली और अनुष्का शर्मा मुंबई हवाई अड्डे पर बेटी वामिका को कैमरे से बचाने के लिए पैपराजी से निवेदन करते नजर आए। लंदन और पेरिस में छुट्टियां मनाने के बाद ये मशहूर जोड़ी वापस भारत लौट आई है। दोनों ने बेटी को गाड़ी तक पहुंचाने के बाद वापस लौटकर तस्वीरें खिंचाई।
मुंबई: अनुष्का शर्मा और विराट कोहली लंदन और पेरिस में छुट्टियां मनाने के बाद वापस मुंबई लौट आए हैं। वापसी के बाद मुंबई हवाई अड्डे से बाहर निकलते हुए अनुष्का और विराट अपनी बेटी वामिका को पैपराजी के कैमरे से बचाते हुए नजर आए। विराट और अनुष्का, वामिका से पहले एयरपोर्ट से बाहर निकले और बाहर जुटे हुए फोटोग्राफरों से तस्वीरें लेने का अनुरोध किया। विराट ने तस्वीर लेने की कोशिश कर रहे फोटोग्राफरों से कहा कि कृपया वामिका को जाने दो, कैमरे नीचे रखो। वह बहुत नींद में है। पहले, उसे कार में बैठने दो। हम वापस आएंगे।
इसके बाद अपने वादे अनुसार विराट और अनुष्का बेटी वामिका को गाड़ी में छोड़ कर वापस लौटे और तस्वीरें खिंचाई। विराट और अनुष्का बेटी वामिका को लेकर बेहद ही संवेदनशील हैं। दोनों लगातार मीडिया से अपील करते रहे हैं कि उनकी बेटी की फोटो कहीं लीक न की जाए। पिछले साल कुछ पैपराजी ने हवाई अड्डे पर वामिका की तस्वीरें उतार ली थीं। इसके बाद विराट और अनुष्का ने बेटी की तस्वीरों को प्रकाशित न करने की अपील की थी। दोनों की अपील पर वामिका की तस्वीरों को मीडिया में प्रकाशित नहीं किया गया। बाद में अनुष्का ने इसके लिए एक धन्यवाद नोट भी लिखा था। अनुष्का ने लिखा था, "हम भारतीय पैपराजी और अधिकांश मीडिया बिरादरी के प्रति वामिका की तस्वीरें / वीडियो प्रकाशित नहीं करने के लिए बहुत आभारी हैं। माता-पिता के रूप में हम अपने बच्चे के लिए गोपनीयता चाहते हैं और उसे मीडिया और सोशल मीडिया से स्वतंत्र रूप से अपना जीवन जीने का मौका देने के लिए अपनी पूरी कोशिश करना चाहते हैं। इसके लिए आपके समर्थन की आवश्यकता है इसलिए कृपया मामले में संयम बरतें।"
बता दें कि विराट कोहली फिलहाल क्रिकेट से ब्रेक पर हैं और अपना पूरा समय परिवार के साथ बिता रहे हैं। कोहली ने वेस्टइंडीज और जिम्बाब्वे के खिलाफ सीरीज से आराम मांगा था। लंबे समय से खराब फार्म से जूझ रहे विराट कोहली एशिया कप से वापसी कर सकते हैं। एशिया कप में कोहली के प्रदर्शन पर सबकी निगाहें होंगी क्योंकि अक्टूबर में टी20 विश्व कप होने वाला है और कोहली आलोचकों के निशाने पर हैं।