शिकागो: बंदूकधारी ने चलाई अंधाधुंध गोलीबारी, 5 की मौत, 5 पुलिसकर्मी जख्मी, जवाबी कार्रवाई में मारा गया हमलावर
By लोकमत न्यूज़ डेस्क | Published: February 16, 2019 10:00 AM2019-02-16T10:00:40+5:302019-02-16T10:21:13+5:30
अमेरिकी पुलिस ने अभी तक शिकागो की गोलीबारी में मारे गये पाँच लोगों की पहचान जाहिर नहीं की है।
अमेरिका के इलिनॉय में एक बंदूकधारी ने शुक्रवार अंधाधुंध गोलीबारी करके पाँच लोगों को मौत के घाट उतार दिया। अमेरिकी पुलिस के अनुसार जवाबी कार्रवाई में बंदूकधारी भी मारा गया।
यह घटना अमेरिका के शिकोगा में भारतीय समय के अनुसार रात डेढ़ बजे के करीब हुई। अमेरिकी पुलिस के अनुसार हमलावर की पहचान 45 वर्षीय गैरी मार्टिन के रूप में हुई है।
पुलिस के अनुसार यह गोलीबारी शिकागो के अरोरा स्थित एक कारखाने में हुई। मार्टिन इस कारखाने में काम करता था।
पुलिस को अभी तक हमले की वजह नहीं पता चली है। स्थानीय अखबार शिकोगा सन-टाइम्स से हमलावर के परिवार ने बताया कि दो हफ्ते पहले मार्टिन को नौकरी से निकाल दिया गया था और वो इसे लेकर काफी तनाव में था।
अमेरिकी पुलिस को भारतीय समय के अनुसार रात 12.54 मिनट पर अरोरा में बंदूकधारी द्वारा गोलीबारी किए जाने की सूचना मिली थी।
अरोरा के पुलिस प्रमुख क्रिस्टेन ज़िमान ने मीडिया को बताया कि पुलिस ने इंडस्ट्रियल पार्क में तत्काल पुलिसबल भेजा और जवाबी कार्रवाई शुरू कर दी गयी।
दो गंभीर रूप से घायल पुलिसवालों को हेलीकॉप्टर से अस्पताल ले जाया गया।
पुलिस ने अभी तक घटना में मारे गये पाँच लोगों की पहचान जाहिर नहीं की है।
14 फरवरी 2018 को अमेरिका के फ्लोरिडा में एक बंदूकधारी ने स्कूल में गोलीबारी की थी जिसमें 17 लोगों की मौत हो गयी थी।