US-Iran: अल्बानिया में साइबर हमलों को लेकर अमेरिका ने उठाया बड़ा कदम, ईरान के खुफिया मंत्रालय के खिलाफ लिया यह एक्शन
By लोकमत न्यूज़ डेस्क | Published: September 10, 2022 07:58 AM2022-09-10T07:58:07+5:302022-09-10T08:05:46+5:30
अल्बानिया में साइबर हमलों की जांच कर रही कंपनी माइक्रोसॉफ्ट आंशिक रूप से कहा है कि इसके पीछे ईरान के खुफिया और सुरक्षा मंत्रालय का हाथ है।
वाशिंगटन:अमेरिका ने अल्बानिया सरकार की कंप्यूटर प्रणाली पर जुलाई में हुए साइबर हमलों के जवाब में ईरान की खुफिया एजेंसी और उसके नेतृत्व पर शुक्रवार को पाबंदी लगाई है।
अमेरिका के वित्त विभाग के विदेश संपत्ति नियंत्रण कार्यालय ने ईरान के खुफिया और सुरक्षा मंत्रालय तथा उसका प्रभार देख रहे इस्माइल पर अमेरिका व उसके सहयोगी देशों के खिलाफ साइबर संबंधी गतिविधियों के लिए प्रतिबंध लगाए हैं।
अल्बानिया ने ईरान के साथ कूटनीतिक संबंध खत्म किए
नाटो (उत्तर अटलांटिक संधि संगठन) के सदस्य अल्बानिया ने साइबर हमलों को लेकर इस सप्ताह ईरान के साथ कूटनीतिक संबंध समाप्त कर लिए थे और उसके दूतावास के कर्मियों को निकाल दिया था। यह साइबर हमलों को लेकर किसी देश द्वारा कूटनीतिक संबंधों को खत्म करने का पहला ज्ञात मामला है।
आपको बता दें कि अल्बानिया सरकार ने 15 जुलाई को हुए साइबर हमले के लिए ईरान को जिम्मेदार ठहराया है। इन हमलों की वजह से अल्बानिया सरकार की कई डिजिटल सेवाएं और वेबसाइट अस्थायी रूप से बंद हो गई थीं।
अल्बानिया में साइबर हमलों के पीछे ईरान का हाथ- माइक्रोसॉफ्ट
साइबर हमले की जांच में अल्बानिया की मदद करने वाली कंपनी माइक्रोसॉफ्ट ने गुरुवार को एक ब्लॉग पोस्ट में कहा कि उसका आंशिक रूप से मानना है कि हैकर जिस समूह के थे, वह सार्वजनिक रूप से ईरान के खुफिया और सुरक्षा मंत्रालय से जुड़ा है।