चीन की मेजबानी में संयुक्त राष्ट्र शांति सैनिकों का बहुराष्ट्रीय अभ्यास समाप्त
By भाषा | Published: September 15, 2021 04:10 PM2021-09-15T16:10:11+5:302021-09-15T16:10:11+5:30
च्युशान (चीन), 15 सितंबर (एपी) चीन की मेजबानी में आयोजित, संयुक्त राष्ट्र शांति सैनिकों का बहुराष्ट्रीय अभ्यास बुधवार को खत्म हो गया।
चीन के मध्य हेनान प्रांत में 10 दिन तक अभ्यास किया गया था जिसमें चीन, मंगोलिया, पाकिस्तान और थाईलैंड के करीब एक हज़ार सैनिकों ने हिस्सा लिया था।
उन्होंने सुरक्षा गश्त, अस्थायी बेस का निर्माण करना, नागरिकों की सुरक्षा एवं आतंकवाद रोधी अभियानों का अभ्यास किया। इस अभ्यास में चीन के हथियारों, उपकरणों आदि का प्रमुखता से इस्तेमाल किया गया। संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद के सात स्थायी सदस्यों में से चीन, शांति सैनिकों का सबसे बड़ा योगदान देता है।
आतंकवाद रोधी अभियान के तहत एक अभ्यास में विस्फोटक लदी एक गाड़ी संयुक्त राष्ट्र के बेस की ओर बढ़ रही थी जबकि हमलावर शांति सैनिकों पर गोलीबारी कर रहे थे और मोलोटोव कॉकटेल (विस्फोटक) फेंक रहे थे। यह अभ्यास उस घटना पर आधारित था जिसमें माली में चीन के शांति सैनिकों पर हमला किया गया था। फिलहाल चीन के करीब 2500 शांति सैनिक आठ अलग अलग मिशनों पर तैनात हैं।
यह अभ्यास संयुक्त राष्ट्र में चीन के प्रतिनिधि के रूप में पीपल्स रिपब्लिक ऑफ चाइना को मान्यता देने के 50 साल पूरे होने के मौके पर हुआ है। इसके बाद ताइवान को संयुक्त राष्ट्र से निष्कासित कर दिया गया था जिसे बीजिंग अपना क्षेत्र मानता है।
यह अभ्यास ऐसे समय में हुआ है जब सीमा विवाद को लेकर भारत और चीन के बीच काफी समय से तनाव है। साथ में अफगानिस्तान से अमेरिका और विदेशी सैनिकों की वापसी के बाद वहां की सुरक्षा स्थिति अनिश्चित है।
Disclaimer: लोकमत हिन्दी ने इस ख़बर को संपादित नहीं किया है। यह ख़बर पीटीआई-भाषा की फीड से प्रकाशित की गयी है।