ब्रिटेन के प्रधानमंत्री बोरिस जॉनसन मुसीबत में, दो और मंत्रियों ने दिया इस्तीफा, जानें कारण
By सतीश कुमार सिंह | Published: July 6, 2022 04:30 PM2022-07-06T16:30:54+5:302022-07-06T16:32:10+5:30
ब्रिटेन के दो और मंत्रियों जॉन ग्लेन और विक्टोरिया एटकिंस ने जॉनसन सरकार से इस्तीफा दे दिया। कल वित्त मंत्री ऋषि सुनक और स्वास्थ्य सचिव साजिद जाविद ने अपने पदों से इस्तीफा दे दिया था।
लंदनः ब्रिटेन के प्रधानमंत्री बोरिस जॉनसन मुसीबत में हैं। ब्रिटेन के दो और मंत्रियों जॉन ग्लेन और विक्टोरिया एटकिंस ने जॉनसन सरकार से इस्तीफा दे दिया। कल वित्त मंत्री ऋषि सुनक और स्वास्थ्य सचिव साजिद जाविद ने अपने पदों से इस्तीफा दे दिया था।
प्रधानमंत्री बोरिस जॉनसन ने अपने ऊपर बढ़ते दबाव के बीच मंगलवार को स्वीकार किया कि संसद के एक दागदार सदस्य को सरकार के अहम पद पर नियुक्त करना गलत था, जिसके बाद वित्त मंत्री ऋषि सुनक समेत सरकार के वरिष्ठ कैबिनेट मंत्रियों ने इस्तीफा दे दिया था।
Two more UK ministers John Glen and Victoria Atkins resign from PM Boris Johnson's govt. Yesterday Finance Minister Rishi Sunak and Health Secretary Sajid Javid had quit their posts
— ANI (@ANI) July 6, 2022
जॉनसन ने कहा था कि उन्हें इस बात का बहुत खेद है कि उन्होंने निलंबित सांसद क्रिस पिंचर के खिलाफ कदाचार की शिकायत का पता होने के बाद भी उन्हें ‘डिप्टी चीफ व्हिप’ के सरकारी पद पर नियुक्त किया। ब्रिटेन के स्वास्थ्य मंत्री साजिद जाविद के इस्तीफे के तत्काल बाद भारतवंशी ब्रिटिश मंत्री सुनक ने ट्विटर पर अपना त्यागपत्र साझा किया।
मंत्रियों का इस्तीफा जॉनसन के नेतृत्व के लिए बड़ा झटका साबित होगा। इससे पहले एक पूर्व नौकरशाह ने हाल में निलंबित सांसद क्रिस पिंचर के खिलाफ आरोपों से निपटने के ‘डाउनिंग स्ट्रीट’ के तरीके को लेकर टिप्पणी की थी। सुनक ने ट्वीट किया, ‘‘जनता सरकार से यह सही अपेक्षा रखती है कि वह उचित तरीके से, सक्षम तरीके से और गंभीरता से चले।’’