विशिष्ट नारंगी बालों वाले नर ‘फ्रैंकोइस लंगूर’ का जन्म, जल्द उसके बाल मां ‘नोएल’ के बालों की तरह काले होंगे
By लोकमत न्यूज़ डेस्क | Published: October 5, 2019 08:23 PM2019-10-05T20:23:42+5:302019-10-05T20:23:42+5:30
यह लुप्तप्राय प्रजाति चीन और वियतनाम में पायी जाती है जहां इन पर शिकारियों का खतरा बना रहता है और साथ ही विकास गतिविधियों के विस्तार के चलते इनके आवास क्षेत्र सिकुड़ रहे हैं।
आस्ट्रेलिया के सिडनी स्थित एक चिड़ियाघर में दुनिया की सबसे दुर्लभ प्रजाति के बंदरों में से एक का जन्म हुआ है। विशिष्ट नारंगी बालों वाले नर ‘फ्रैंकोइस लंगूर’ का जन्म पिछले सप्ताह सिडनी के टारोंगा चिड़ियाघर में हुआ। इसका अभी नामकरण नहीं किया गया है।
यह लुप्तप्राय प्रजाति चीन और वियतनाम में पायी जाती है जहां इन पर शिकारियों का खतरा बना रहता है और साथ ही विकास गतिविधियों के विस्तार के चलते इनके आवास क्षेत्र सिकुड़ रहे हैं। चिड़ियाघर के वरिष्ठ रखरखाव पदाधिकारी जेन मार्शल ने कहा कि ‘फ्रैंकोइस लंगूर’ प्रजाति के बंदरों का जंगल में दिखना दुर्लभ है।
मार्शल ने यह भी बताया कि शिशु बंदर के चमकीले नारंगी बाल शुरुआती कुछ हफ्तों तक इसी रंग के रहेंगे और फिर उसके बाल उसकी मां ‘नोएल’ के बालों की तरह काले रंग के हो जाएंगे। जंगलों में इस प्रजाति के लगभग 3,000 बंदर ही बचे हैं। इस प्रजाति के बारे में बहुत से लोगों को नहीं पता है। मार्शल के अनुसार इस प्रजाति के बंदर बहुत चुस्त और बुद्धिमान होते हैं।