#SriLankaBombings: खूंखार आतंकी संगठन इस्लामिक स्टेट ने ली हमलों की जिम्मेदारी
By लोकमत न्यूज़ डेस्क | Published: April 23, 2019 04:53 PM2019-04-23T16:53:23+5:302019-04-23T18:49:34+5:30
आईएस ने अपनी समाचार एजेंसी अमाक न्यूज के जरिये श्रीलंका में हुए बम धमाकों की जिम्मेदारी ली है। सिलसिलेवार बम धमाकों में 321 लोगों की जान चली गई थी और लगभग 500 लोग घायल हो गए थे।
खूंखार आतंकी संगठन इस्लामिक स्टेट (आईएस) ने श्रीलंका में बीते रविवार (21 अप्रैल) को अंजाम दिए गए सिलसिलेवार बम धमाकों की जिम्मेदारी ली है। ये बम धमाके गिरिजाघरों और फाइव स्टार होटलों को निशाना बनाकर अंजाम दिए गए थे।
समाचार एजेंसी रॉयटर्स की खबर के मुताबिक आईएस ने अपनी समाचार एजेंसी अमाक न्यूज के जरिये बम धमाकों की जिम्मेदारी ली। बता दें कि सीरियल बम धमाकों में 321 लोगों की जान चली गई थी और लगभग 500 लोग घायल हो गए थे।
Reuters: Islamic State claims responsibility for Sri Lanka bombings through its Amaq news agency. pic.twitter.com/Rus0kDmbJv
— ANI (@ANI) April 23, 2019
बता दें कि श्रीलंका के रक्षा मंत्री रुवन विजयवर्द्धने ने मंगलवार (23 अप्रैल) को कहा कि ईस्टर के मौके पर किए गए हमले न्यूजीलैंड में मस्जिदों पर की गई गोलीबारी का बदला लेने के लिए किए गए थे। विजयवर्द्धने संसद को संबोधित करते हुए कहा कि शुरुआती जांच में यह बात सामने आई है कि श्रीलंका में हुए बम धमाके न्यूजीलैंड की क्राइस्टचर्च की दो मस्जिदों में हुई गोलीबारी का बदला लेने के लिए किए गए।
न्यूजीलैंड की क्राइस्टचर्च की दो मस्जिदों में हुई गोलीबारी में करीब 50 लोगों की जान चली गई थी। विजयवर्द्धने ने बताया कि सीरियम बम धमाकों में घायल हुए करीब 500 लोगों में से 375 का इलाज अब भी चल रहा है।
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक श्रीलंका में बम धमाकों में मारे गए लोगों में करीब 10 भारतीय भी थे। श्रीलंका की सरकार का कहना है कि खुफिया जानकारी मिलने के बावजूद बड़ी संख्या में गिरजाघरों को सुरक्षा देना लगभग असंभव था।