चीन और पाकिस्तान के पास भारत से ज्यादा परमाणु हथियार, SIPRI की रिपोर्ट में सामने आई बात
By विनीत कुमार | Published: June 15, 2020 12:31 PM2020-06-15T12:31:40+5:302020-06-15T12:32:09+5:30
SIPRI की हर साल आने वाली इस रिपोर्ट में पहले भी यही तस्वीर आती रही है। हालिया रिपोर्ट के अनुसार चीन सहित पाकिस्तान और भारत ने भी अपने परमाणु हथियारों की संख्या बढ़ाई है।
चीन और पाकिस्तान के पास भारत से ज्यादा परमाणु हथियार हैं। इसका खुलासा एक रिपोर्ट से हुआ है। इसके अनुसार दोनों ही देश भारत से अधिक परमाणु हथियार रखते हैं। स्टॉकहोम इंटरनेशनल पीस रिसर्च इंस्टीट्यूट (एसआईपीआरआई) के ईयरबुक-2020 के अनुसार में चीन के पास परमाणु हथियारों की संख्या 320 है।
वहीं, पाकिस्तान के पास 160 परमाणु हथियार हैं। इस रिपोर्ट के अनुसार भारत के पास 150 परमाणु हथियार हैं। यह संख्या इस साल जनवरी तक की बताई गई है। अहम बात ये है कि चीन और पाकिस्तान दोनों ही पड़ोसी देशों से भारत के मतभेद समय-समय पर उभर कर आते रहे हैं।
पिछले साल भी कुछ ऐसी तस्वीर सामने आई थी। साल 2019 की शुरुआत में एसआईपीआरआई ने चीन के पास 290 परमाणु हथियार होने की संभावना जताई थी। साथ ही पाकिस्तान के पास 150 से 160 और भारत के पास 130 से 140 परमाणु हथियार होने की बात कही गई थी।
बहरहाल, ये ताजा रिपोर्ट उस समय आई है जब हाल में पूर्वी लद्धाख में भारत और चीन के बीच सीमा विवाद काफी सुर्खियों में रहा है। दोनों देशों की ओर से तब एलएसी पर सेना के जमावट भी की गई। सीमा के दोनों ओर लद्दाख से लेकर उत्तराखंड और सिक्किम और अरुणाचल प्रदेश तक सैन्य जमावट की खबरें आई थी।
हालांकि, फिर इन विवादों को रोकने की कोशिश भी हुई है। पिछले हफ्ते सेना प्रमुख जनरल एम एम नरवणे ने कहा कि चीन के साथ लगी देश की सीमा पर स्थिति पूरी तरह नियंत्रण में है और उम्मीद है कि दोनों देशों के बीच जारी वार्ता से सभी मतभेद सुलझ जाएंगे।
एसआईपीआरआई की ओर से ईयरबुक के लॉन्च का ऐलान करते हुए कहा गया, 'चीन अपने परमाणु शस्त्रागार का 'महत्वपूर्ण आधुनिकीकरण' कर रहा है। भारत और पाकिस्तान धीरे-धीरे अपने परमाणु बलों के आकार और विविधता को बढ़ा रहे हैं।'
जनवरी 2020 तक नौ परमाणु हथियार संपन्न देशों- अमेरिका, रूस, ब्रिटेन, फ्रांस, चीन, भारत, पाकिस्तान, इजरायल और उत्तर कोरिया के पास कुल मिलाकर 13,400 परमाणु हथियार होने का अनुमान लगाया गया है।