अमेरिका: न्यूयॉर्क में खुफिया चीनी पुलिस चौकी का खुलासा, 2 व्यक्ति गिरफ्तार
By लोकमत न्यूज़ डेस्क | Published: April 18, 2023 07:17 AM2023-04-18T07:17:14+5:302023-04-18T10:07:02+5:30
न्याय विभाग के अनुसार, चौकी स्थापित करने के आरोप में दो व्यक्ति एक चीनी सरकारी अधिकारी के निर्देश और नियंत्रण में काम कर रहे थे और जांच के बारे में पता चलने के बाद उन्होंने उस अधिकारी के साथ संपर्क बंद कर दिया था।

फोटो सोर्स: Twitter @Hong Kong Police Force
न्यूयॉर्क: न्यूयॉर्क शहर में चीन सरकार द्वारा एक खुफिया पुलिस चौकी स्थापित करने में मदद करने के आरोप में दो लोगों को गिरफ्तार किया गया है। साथ ही, चीन के राष्ट्रीय पुलिस बल के तीन दर्जन से अधिक अधिकारियों पर अमेरिका में लोगों को परेशान करने के लिए सोशल मीडिया का इस्तेमाल करने का आरोप लगाया गया है।
न्याय विभाग ने सोमवार को यह जानकारी दी है। इन लोगों की पहचान 61 साल के लू जियानवांग और 59 साल के चेन जिनपिंग के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि ये दोनों गिरफ्तार शख्स न्यूयॉर्क के निवासी है। मामले में पुलिस आगे की जांच कर रही है।
क्या है पूरा मामला
यह मामला चीनी सार्वजनिक सुरक्षा मंत्रालय की एक स्थानीय शाखा से संबंधित है, जो एफबीआई जांच के बीच मैनहट्टन के चाइनाटाउन में एक कार्यालय की इमारत के अंदर संचालित होता था। न्याय विभाग के अनुसार, चौकी स्थापित करने के आरोप में दो व्यक्ति एक चीनी सरकारी अधिकारी के निर्देश और नियंत्रण में काम कर रहे थे और जांच के बारे में पता चलने के बाद उन्होंने उस अधिकारी के साथ संपर्क बंद कर दिया था।
इन गिरफ्तार लोगों पर यह आरोप लगा है कि एक साजिश के तहत इन लोगों ने चीनी सरकार के एजेंट के रूप में काम किया है। यह नहीं इन पर अमेरिकी को कोई जानकारी नहीं देने और कानून को अपने काम करने में बाधा डालने का भी आरोप लगा है। ऐसे में यह संभावना जताई जा रही है इन दोनों को ब्रुकलिन संघीय अदालत में पेश किया जा सकता है।
चीन चला रहा है दुनिया भर में गुप्त पुलिस चौकी-दावा
ऐसे में चीन को लेकर यह दावा किया जाता है कि वह दुनिया भर के कई देशों में खुफिया पुलिस चौकी चलाता है। इस गिरफ्तारी पर बोलते हुए न्याय विभाग के अधिकारियों ने यह दावा किया है कि ये गिरफ्तारियां दुनिया में कहीं भी अपनी तरह की पहली हैं।