चीनी राष्ट्रीय दिवस पर हॉन्ग-कॉन्ग में प्रदर्शनकारियों ने लहराया तिरंगा झंडा, सोशल मीडिया पर वायरल
By अनुराग आनंद | Published: October 2, 2020 11:04 AM2020-10-02T11:04:12+5:302020-10-02T11:04:12+5:30
चीन के राष्ट्रीय दिवस के मौके पर जहां लाखों को लोग घर से मनोरंजन के लिए निकले। वहीं, हॉन्गकॉन्ग में कई लोगों ने चीनी सरकार के खिलाफ प्रदर्शन किए।
नई दिल्ली: बीते कल (गुरुवार) चीनी राष्ट्रीय दिवस के मौके पर हॉन्ग-कॉन्ग में लोकतंत्र के समर्थक प्रदर्शनकारियों ने तिरंगा झंडा लहराकर चीन का विरोध किया। इस दौरान वहां मौजूद एक चीनी पत्रकार ने इस तस्वीर को अपने कैमरे में कैद करने के बाद सोशल मीडिया पर पोस्ट किया। इसके बाद से ही सोशल मीडिया पर यह फोटो वायरल हो रहा है।
बता दें कि चीनी राष्ट्रीय दिवस के मौके पर हॉन्ग-कॉन्ग के लोगों ने चीन के खिलाफ जोरदार विरोध प्रदर्शन किया। इस समय कई लोग अपने शरीर में तिरंगा झंडा लपेटे हुए थे, जबकि कई लोग तिरंगा झंडा लहरा रहे थे। जब पत्रकार ने उनसे पूछा कि आप भारतीय झंडा क्यों लहरा रहे हो? तो इसके जवाब में प्रदर्शनकारियों ने कहा कि क्योंकि भारत चीन से लड़ रहा है, इसलिए वह मेरा दोस्त है।
“Why are you wearing an Indian flag?”
— Laurel Chor (@laurelchor) October 1, 2020
“Because India is fighting China. So India is my friend!”
He is now holding the flag above his head, shouting “STAND WITH INDIA! 印度加油!” The crowd is applauding him. pic.twitter.com/UoKCip0X8K
गैर-कानूनी प्रदर्शन करने के आरोप में 86 गिरफ्तार-
बता दें कि भारी पुलिस बल की मौजूदगी में इस दौरान वहां कई प्रदर्शकारी भारत के समर्थन में नारा भी लगा रहे थे। पत्रकार की मानें तो कुछ लोगों को वहां स्टैंड विद इंडिया बोलते भी सुना गया।
मिल रही जानकारी के मुताबिक, प्रदर्शनकारियों ने हॉन्ग-कॉन्ग प्रशासन से प्रदर्शन करने के लिए अनुमति नहीं ली थी। इस वजह से स्थानीय प्रशासन ने गैर-कानूनी सभा आयोजित करने के जुर्म में करीब 86 लोगों को गिरफ्तार कर लिया।
लाखों की संख्या में सड़कों पर उतरे चीनी लोग-
चीन में छुट्टियों का मौसम शुरू होते ही गुरुवार को राष्ट्रीय दिवस और मध्य शरद ऋतु उत्सव मनाने के लिए लाखों की तादाद में लोग सड़कों पर उतर आए।
वुहान और देश के शेष हिस्से के इस साल जनवरी में कोविड-19 वैश्विक महामारी से प्रभावित होने के बाद चीन में यह छुट्टियों का पहला बड़ा मौसम है। ज्यान आन मेन चौक पर ध्वजारोहण के साथ राष्ट्रीय दिवस समारोह शुरू हुए।
चीन के लिए छुट्टी का दूसरा सबसे बड़ा दिन
बता दें कि चीन के लोगों के लिए यह दूसरा सबसे बड़ा छुट्टी का दिन होता है। इस दौरान लाखों लोग विदेश यात्रा करते हैं और अपने रिश्तेदारों के यहां और पर्यटन स्थलों की यात्रा करते हैं।
कोविड-19 पर नियंत्रण पाने के बाद चीन ने घरेलू यात्रा से पाबंदी हटा दी है। हालांकि, अंतरराष्ट्रीय यात्राओं पर अभी भी प्रतिबंध है।