Video: पाकिस्तान के मंत्री की धमकी, अब भारत के साथ नहीं होगी परंपरागत जंग, सीधे होगा परमाणु हमला
By पल्लवी कुमारी | Published: August 20, 2020 06:33 PM2020-08-20T18:33:58+5:302020-08-20T18:50:37+5:30
पाकिस्तान के रेलवे मंत्री शेख रशीद अहमद हमेशा ही अपने विवादित बयानों को लेकर चर्चा में रहते हैं। कुछ हफ्ते पहले उन्होंने भारत को धमकी देते हुए कहा था कि पाकिस्तान के पास सवा सौ ग्राम और ढाई सौ ग्राम के भी परमाणु बम हैं जो किसी खास टारगेट पर मार कर सकते हैं।
इस्लामाबाद:पाकिस्तान के रेलवे मंत्री शेख रशीद अहमद अपने विवादित बयान को लेकर चर्चा में हैं। शेख रशीद अहमद ने कहा है कि भारत के साथ अब कोई परंपरागत जंग नहीं होगी। उन्होंने कहा कि अब भारत पर सीधे परमाणु हमला होगा। भारत और पाकिस्तान दोनों देशों के तनाव पर शेख रशीद अहमद ने कहा, पाकिस्तान ने अपना हथियार तैयार रखा हुआ है और अगर भारत हमला करता है तो पारंपरिक युद्ध नहीं होगा, सीधे परमाणु हमला होगा। उन्होंने यह भी कहा है कि इस वक्त हमें चीन का साथ देना है।
एक इंटरव्यू में रेलवे मंत्री शेख रशीद अहमद ने कहा, 'अगर इस बार पाकिस्तान पर भारत ने हमला किया तो कन्वेन्शन वॉर की कोई गुंजाइश नहीं होगी। यह खूनी और आखिरी जंग होगी और ऐटमी जंग होगी। हमारा हथियार कैलकुलेटेड, छोटा, परफेक्ट और निशाने पर है। असम तक टारगेट कर सकता है। पाकिस्तान के पास कन्वेन्शन जंग की गुंजाइश कम है।'
اگر بھارت نے پاکستان پر حملہ کیا تو ایٹمی جنگ چھڑ جائے گی اور وہ خونی اور آخری جنگ ہو گی : شیخ رشید @ShkhRasheed#NadeemMalikLive#Pakistan#SamaaTvpic.twitter.com/2DAgqK8qah
— Nadeem Malik (@nadeemmalik) August 19, 2020
इसपर जब सवाल पूछा गया तो उन्होंने फिर से कहा, हां पाकिस्तान भारत में ऐटमी हमला करेगा। हमने अपना हथियार तैयार रखा है। हमने इस तरीके से हमला प्लान किया है, जिसमें भारत के मुसलमानों को कोई नुकसान ना पहुंचे और वह असम तक टारगेट करेगा।
शेख रशीद अहमद ने यह भी कहा है कि भारत में मुस्लिमों को सताया जा रहा है। भारत के मुस्लिम हर दिन पाकिस्तान के लिए दुआ करते हैं।
उन्होंने कहा, आज चीन अमेरिका, ऑस्ट्रेलिया, कनाडा और ब्रिटेन के खिलाफ खड़ा है जबकि अपने नए दोस्तों नेपाल, श्रीलंका, ईरान और रूस के साथ नया ब्लॉक बना रहा है। ऐसे में इस वक्त पाकिस्तान को चीन के साथ ही खड़ा होना चाहिए।