नोबेल पुरस्कार 2022: फ्रांसीसी लेखिका एनी एनॉक्स को साहित्य में मिला नोबेल पुरस्कार
By रुस्तम राणा | Published: October 6, 2022 04:55 PM2022-10-06T16:55:14+5:302022-10-06T18:29:37+5:30
रॉयल स्वीडिश एकेडमी ऑफ साइंसेज के द्वारा गुरुवार को साहित्य के लिए नोबेल पुरस्कार की घोषणा की गई, जिसके तहत फ्रांसीसी लेखिक एनी एर्नॉक्स को यह प्रतिष्ठित पुरस्कार दिया गया।
Nobel Prize 2022 Literature: साहित्य के क्षेत्र में साल 2022 का नोबेल पुरस्कार फ्रांस की लेखिका एनी एनॉक्स को दिया गया है। रॉयल स्वीडिश एकेडमी ऑफ साइंसेज के द्वारा गुरुवार को साहित्य के लिए नोबेल पुरस्कार की घोषणा की गई, जिसके तहत फ्रांसीसी लेखिक एनी एनॉक्स को यह प्रतिष्ठित पुरस्कार दिया गया। उन्हें यह अवॉर्ड “साहस और लाक्षणिक तीक्ष्णता के साथ व्यक्तिगत स्मृति के अंतस, व्यवस्थाओं और सामूहिक बाधाओं को उजागर करने” वाली उनकी लेखनी के लिए दिया गया है।
एनॉक्स (82) की 20 से अधिक पुस्तकें हैं जिनमें से अधिकांश बहुत छोटी, उनके जीवन की घटनाओं और उनके आसपास के लोगों के जीवन की घटनाएं हैं। ये किताबें यौन मुठभेड़ों, गर्भपात, बीमारी और उनके माता-पिता की मृत्यु की बेलाग तस्वीर पेश करती हैं।
उन्होंने स्वीडन के स्टाकहोम में पुरस्कार की घोषणा के बाद संवाददाताओं को बताया कि “उन्होंने कुछ सराहनीय और स्थायी हासिल किया है।” एनॉक्स अपनी शैली को “सपाट लेखन” (फ्लैट राइटिंग) के तौर पर वर्णित करती हैं, जो उनके द्वारा बताई जाने वाली घटनाओं का बेहद निष्पक्ष नजरिया, भड़कीले विवरणों और भावनाओं के ज्वार से निष्प्रभावी रखता है।
इससे पहले भौतिकी और रसायन के लिए नोबेल पुरस्कार की घोषणा हो चुकी है। बुधवार को रसायन विज्ञान में नोबेल पुरस्कार संयुक्त रूप से कैरोलिन आर. बर्टोजजी, मोर्टन मेल्डल और के. बैरी शार्पलेस को "क्लिक केमिस्ट्री और बायोऑर्थोगोनल केमिस्ट्री के विकास के लिए" दिया गया।
जबकि एलेन एस्पेक्ट, जॉन एफ क्लॉजर और एंटोन जिलिंगर ने संयुक्त रूप से क्वांटम भौतिकी में अपने काम के लिए भौतिकी में यह प्रतिष्ठित पुरस्कार जीता।
अब शुक्रवार को शांति और सोमवार को अर्थशास्त्र के लिए नोबेल पुरस्कार की घोषणा की जाएगी। उल्लेखनीय है कि नोबेल पुरस्कारों में एक करोड़ स्वीडिश क्रोनर (करीब 900,000 डॉलर) का नकद पुरस्कार दिया जाता है और यह 10 दिसंबर को दिया जाएगा।
Nobel Prize in Literature awarded to French author Annie Ernaux “for the courage and clinical acuity with which she uncovers the roots, estrangements and collective restraints of personal memory.” pic.twitter.com/9pQq1sinzt
— ANI (@ANI) October 6, 2022