कराचीः ‘होमवर्क’ नहीं करने पर पिता ने अपने 12 वर्षीय बेटे पर मिट्टी का तेल छिड़क कर आग लगाई, लड़के की मां की शिकायत पर आरोपी अरेस्ट को गिरफ्तार
By लोकमत न्यूज़ डेस्क | Published: September 21, 2022 02:00 PM2022-09-21T14:00:46+5:302022-09-21T14:01:15+5:30
पाकिस्तानः लड़के की मां की शिकायत पर पिता को गिरफ्तार करके मामला दर्ज कर लिया गया है। गंभीर रूप से झुलसे लड़के की इलाज के दौरान मौत हो गई। आरोपी को न्यायिक मजिस्ट्रेट के सामने पेश किया गया और अदालत ने उसे 24 सितंबर तक पुलिस हिरासत में भेज दिया।
कराचीःपाकिस्तान में एक व्यक्ति ने ‘होमवर्क’ नहीं करने पर अपने 12 वर्षीय बेटे को कथित तौर पर आग के हवाले कर दिया। ‘डॉन’ न्यूज की खबर के मुताबिक यह घटना 14 सितंबर को ओरंगी टाउन में हुई जब नजीर नामक व्यक्ति ने घर में अपने बेटे शाहीर पर मिट्टी का तेल छिड़का और आग लगा दी।
लड़के की मां की शिकायत पर पिता को गिरफ्तार करके उसके खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है। गंभीर रूप से झुलसे लड़के की स्थानीय अस्पताल में इलाज के दौरान मौत हो गई। खबर के अनुसार आरोपी को सोमवार को न्यायिक मजिस्ट्रेट के सामने पेश किया गया और अदालत ने उसे 24 सितंबर तक पुलिस हिरासत में भेज दिया।
खबर में बताया गया है कि शुरुआती जांच के दौरान आरोपी नजीर ने जांचकर्ताओं को बताया कि उसका इरादा अपने बेटे को जान से मारने का नहीं था। आरोपी ने कहा कि उसने बेटे को डराने के लिए उस पर मिट्टी का तेल छिड़का था क्योंकि वह अपना स्कूल का ‘होमवर्क’ नहीं कर रहा था। आरोपी ने कहा कि उसने लड़के को डराने के लिए माचिस जलाई थी, लेकिन तेल ने आग पकड़ ली और लड़का बुरी तरह झुलस गया।