जर्मनी के हैम्बर्ग में 'यहोवा विटनेस' चर्च में गोलीबारी, 7 लोगों की मौत

By लोकमत न्यूज़ डेस्क | Published: March 10, 2023 09:03 AM2023-03-10T09:03:28+5:302023-03-10T09:06:41+5:30

जर्मनी के हैम्बर्ग शहर में स्थित ‘यहोवा विटनेस किंगडम हॉल’ में हुई गोलीबारी में कम से कम 7 लोगों के मारे जाने की खबर है। फिलहाल हताहतों की संख्या को लेकर अधिकारियों की ओर से कोई भी पुष्टि नहीं की गई है।

Germany Jehovah's Witness centre Church in Hamburg shooting killed several people, many injured | जर्मनी के हैम्बर्ग में 'यहोवा विटनेस' चर्च में गोलीबारी, 7 लोगों की मौत

जर्मनी के हैम्बर्ग में 'यहोवा विटनेस' चर्च में गोलीबारी (फोटो- ट्विटर, वीडियो ग्रैब)

बर्लिन: उत्तरी जर्मनी के हैम्बर्ग शहर में गुरुवार शाम ‘यहोवा विटनेस किंगडम हॉल’ में हुई गोलीबारी में कई लोग हताहत हो गए हैं। पुलिस ने घटना में मारे गए लोगों की संख्या की पुष्टि नहीं की है। हालांकि, स्थानीय मीडिया की ज्यादातर रिपोर्ट में सात लोगों के मारे जाने और आठ लोगों के गंभीर रूप से घायल होने की बात कही गई है। जर्मन पुलिस ने यह जरूर अंदेशा जताया है कि मारे गए लोगों में हमलावर भी शामिल है।

‘यहोवा विटनेस किंगडम हॉल’ एक तीन मंजिला इमारत में स्थित है। पुलिस के प्रवक्ता होल्गर वेरेन ने जर्मनी के दूसरे सबसे बड़े शहर के ग्रॉस बोरस्टेल में गोलीबारी की घटना के बारे में बताते हुए कहा, 'हमें अभी तक केवल यह पता चला है कि कई लोगों की जान गई है और कई घायल हुए हैं, जिन्हें अस्पताल ले जाया गया है।' उन्होंने कहा कि उन्हें घायलों की हालत के बारे में अभी कोई जानकारी नहीं है। 

जर्मनी: रात सवा नौ बजे पुलिस को मिली थी सूचना

वेरेन ने बताया, 'पुलिस को स्थानीय समयानुसार रात करीब सवा नौ बजे गोलीबारी की सूचना मिली और वह तुरंत मौके पर पहुंची। पुलिस ने मौके पर पहुंचने पर पाया कि भूतल पर कई लोग थे, जिन्हें गोलियां लगी थीं।' वेरेन ने कहा, 'पुलिसकर्मियों ने ऊपर की मंजिल से गोली की आवाज सुनी, जहां उन्हें एक व्यक्ति मृत मिला, जिसे गोली लगी थी। ऐसा माना जा रहा है कि वह हमलावर हो सकता है।' 

उन्होंने बताया कि पुलिस ने अपनी ओर से कोई गोलीबारी नहीं की। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि वे अब भी यह पता लगाने की कोशिश कर रहे हैं कि मामले में काई और भी तो शामिल नहीं था। 

क्या है 'येहोवा विटनेस'

‘यहोवा विटनेस’ एक अंतरराष्ट्रीय गिरजाघर का हिस्सा है। अमेरिका में 19वीं शताब्दी में इसकी स्थापना की गई थी। इसका मुख्यालय न्यूयॉर्क के वार्विक में है। यह दुनियाभर में अपने 87 लाख अनुयायी होने का दावा करता है, जिनमें से करीब 1,70,000 जर्मनी में हैं।

Web Title: Germany Jehovah's Witness centre Church in Hamburg shooting killed several people, many injured

विश्व से जुड़ीहिंदी खबरोंऔर देश दुनिया खबरोंके लिए यहाँ क्लिक करे.यूट्यूब चैनल यहाँ इब करें और देखें हमारा एक्सक्लूसिव वीडियो कंटेंट. सोशल से जुड़ने के लिए हमारा Facebook Pageलाइक करे

टॅग्स :Germanyजर्मनी