अमेरिका में कोरोना मरीजों की संख्या 1 लाख पार, पिछले 24 घंटे में 18691 नए केस, 400 लोगों की मौत
By निखिल वर्मा | Published: March 28, 2020 07:19 AM2020-03-28T07:19:17+5:302020-03-30T08:57:52+5:30
चीन से ज्यादा कोरोना वायरस का कहर अमेरिका में बरपा है. अमेरिका दुनिया का पहला देश बन गया है जिसका 1 लाख से ज्यादा कोरोना वायरस से पीड़ित हैं. न्यूयॉर्क में हालात बदतर होते जा रहे हैं. यहां 43 हजार से ज्यादा एक्टिव केस है.
अमेरिका में कोरोना वायरस के 1 लाख से ज्यादा केस मिले हैं। कोरोना वायरस से प्रभावित टॉप देश अमेरिका के लिए पिछले 24 घंटे बुरा साबित हुआ। यहां 18 हजार ज्यादा नए केस मिले जबकि 400 लोगों की मौत हो गई। अमेरिका में घातक कोरोना वायरस के मामले 1,04,000 पार चले गए हैं और अब तक 1695 लोगों की मौत हुई है। अमेरिका का न्यूयॉर्क शहर नया वुहान शहर है। कोविड-19 का केंद्र बन चुके न्यूयॉर्क में 46 हजार से ज्यादा कोरोना पीड़ित है और कम से कम 600 लोगों की मौत हो गई। न्यूयॉर्क में आज 140 मौत हुई है।
इसके अलावा न्यू जर्सी में 8825 मामले सामने आए और 108 लोगों की मौत हुई। कैलिफोर्निया में करीब 4791 मामले सामने आए और 94 लोगों की मौत हो गई। अमेरिका में कोरोना वायरस से पहली मौत का मामला वाशिंगटन से सामने आया है। वहां संक्रमित लोगों की संख्या 3700 है और 175 लोग जान गंवा चुके हैं।
कोरोना वायरस से प्रभावित टॉप 10 देश
देश | मामले | मौत |
अमेरिका | 103798 | 1693 |
इटली | 86498 | 9134 |
चीन | 81394 | 3295 |
स्पेन | 65719 | 5138 |
जर्मनी | 50871 | 351 |
फ्रांस | 32964 | 1995 |
ईरान | 32232 | 2378 |
इंग्लैंड | 14543 | 759 |
स्विट्जरलैंड | 12928 | 231 |
दक्षिण कोरिया | 9332 | 139 |
इटली में एक दिन में करीब 1000 लोगों की मौत
इटली में कोरोना वायरस से शुक्रवार को एक ही दिन में 969 लोगों की मौत हो गई। हालांकि संक्रमण दर में कमी आई है। इटली में 86,500 मामलों की पुष्टि हुई है। पिछले दिनों के आठ प्रतिशत गति से बढ़ने की अपेक्षा इसमें कुल 7.4 फीसदी ही बढ़ोतरी हुई है।
फ्रांस में 1995 लोगों की मौत
फ्रांस में कोरोना वायरस से 299 लोगों की मौत हो गई और अब तक देश में इस वायरस से 1,995 लोगों की मौत हो चुकी है कोरोना वायरस से देश में 32,964 लोग संक्रमित हैं। हालांकि यह संख्या काफी ज्यादा हो सकती है कि क्योंकि जांच अभी उन्हीं लोगों की हो रही है जिनमें इससे संक्रमित होने का काफी खतरा है।
ईरान में मृतकों की संख्या 2378 पहुंची
ईरान ने शुक्रवार को घोषणा की कि कोरोना वायरस से 144 और लोगों की मौत हो गई जिससे इस देश में मृतकों की आधिकारिक संख्या 2,378 हो गई। स्वास्थ्य मंत्रालय के प्रवक्ता किन्योश जहांपुर ने कहा, पिछले 24 घंटे में हमने देशभर में कोरोना वायरस के 2,926 नये मामलों की पुष्टि की है। देश में पुष्ट मामलों की संख्या 32,332 पहुंच गई है। इनमें से अब तक 11,133 मरीज ठीक हो गये है। उन्होंने बताया कि इस वायरस से संक्रमित लगभग 2,900 मरीजों की स्थिति ‘गंभीर’ बनी हुई है।
पिछले 24 घंटे में 64485 नए केस
पूरी दुनिया में कोरोना वायरस से पिछले 24 घंटे में 64 हजार से ज्यादा मामले सामने आए हैं और 3270 लोगों की मौत हुई है। सबसे ज्यादा 18691 हजार मामले अमेरिका में आए हैं। अमेरिका का न्यूयॉर्क शहर वुहान बनता जा रहा है।
कोरोना वायरस से दुनिया भर में 27000 मौतें
कोरोना वायरस का अब तक विश्व के 198 देशों में फैल चुका है। पूरी दुनिया में इस वायरस के अब तक 5.96 लाख मामले सामने आ चुके हैं जबकि इस वायरस के प्रकोप से 27343 मौतें हुई हैं। कोरोना वायरस से मौतों का सिलसिला दिसंबर 2019 में चीन के हुबेई प्रांत की राजधानी वुहान शहर से हुई थी।
23 हजार लोग की स्थिति क्रिटिकल
दुनिया भर में अभी कोरोना वायरस के 4.35 लाख केस एक्टिव हैं। जबकि 1.33 लाख लोगों का इलाज सफलतापूर्वक किया जा चुका है। वहीं 23500 लोगों की स्थिति अभी क्रिटिकल है।
भारत में कोरोना वायरस के 748 मामले
भारत में कोरोना वायरस के केस बढ़ते जा रहे हैं। केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय के अनुसार देश में कोविड-19 के मरीजों की संख्या बढ़कर 749 हो गई है। इस वायरस से भारत में 19 लोगों की मौत हुई है।