बाइडन ने विदेश मंत्रालय में अहम पद के लिए भारतीय-अमेरिकी महिला को किया नामित

By भाषा | Published: January 17, 2021 09:12 AM2021-01-17T09:12:54+5:302021-01-17T09:12:54+5:30

Biden nominated Indian-American woman for important position in foreign ministry | बाइडन ने विदेश मंत्रालय में अहम पद के लिए भारतीय-अमेरिकी महिला को किया नामित

बाइडन ने विदेश मंत्रालय में अहम पद के लिए भारतीय-अमेरिकी महिला को किया नामित

(ललित के झा)

वाशिंगटन, 17 जनवरी अमेरिका के नवनिर्वाचित राष्ट्रपति जो बाइडन ने देश के निवर्तमान राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की नीतियों के विरोध में 2018 में विदेश सेवा छोड़ने वाली भारतीय अमेरिकी राजनयिक उजरा जेया को विदेश मंत्रालय के एक अहम पद के लिए शनिवार को नामित किया।

बाइडन द्वारा विदेश मंत्रालय के लिए घोषित अहम पदों के नामांकन के अनुसार, जेया को असैन्य सुरक्षा, लोकतंत्र और मानवाधिकार के लिए अवर मंत्री नामित किया गया है।

इसके अलावा वेंडी आर शेरमन को उप विदेश मंत्री, ब्रायन मैकेओन को प्रबंधन एवं संसाधन के लिए उपमंत्री, बोनी जेनकिंस को हथियार नियंत्रण एवं अंतरराष्ट्रीय सुरक्षा मामलों के लिए अवर मंत्री और विक्टोरिया नुलैंड को राजनीतिक मामलों के लिए अवर मंत्री नियुक्त किया गया है।

बाइडन ने कहा, ‘‘नामित विदेश मंत्री टोनी ब्लिंकन के नेतृत्व वाली यह विविधता भरी संपूर्ण टीम मेरे विश्वास का प्रतीक है कि जब अमेरिका अपने सहयोगियों के साथ मिलकर काम करता है, तो यह सबसे मजबूत होता है।’’

उजरा जेया ने हाल में ‘अलायंस फॉर पीसबिल्डिंग’ की अध्यक्ष एवं सीईओ के रूप में सेवाएं दी हैं। उन्होंने 2014 से 2017 तक पेरिस स्थित अमेरिकी दूतावास में मिशन की उप प्रमुख के तौर पर भी सेवाएं दी थीं, लेकिन उन्होंने ट्रंप की नीतियों के विरोध में सितंबर 2018 में इस्तीफा दे दिया था।

जेया ने इससे पहले 2012 से 2014 तक लोकतंत्र, मानवाधिकार एवं श्रम ब्यूरो में कार्यवाहक सहायक मंत्री और प्रधान उप सहायक मंत्री के तौर पर सेवाएं दीं ।

वह 1990 में विदेश सेवा में शामिल हुई थीं और उन्होंने नयी दिल्ली, मस्कट, दमिश्क, काहिरा और किंग्स्टन में सेवाएं दी हैं।

Disclaimer: लोकमत हिन्दी ने इस ख़बर को संपादित नहीं किया है। यह ख़बर पीटीआई-भाषा की फीड से प्रकाशित की गयी है।

Web Title: Biden nominated Indian-American woman for important position in foreign ministry

विश्व से जुड़ीहिंदी खबरोंऔर देश दुनिया खबरोंके लिए यहाँ क्लिक करे.यूट्यूब चैनल यहाँ इब करें और देखें हमारा एक्सक्लूसिव वीडियो कंटेंट. सोशल से जुड़ने के लिए हमारा Facebook Pageलाइक करे