इंग्लिश चैनल में नौका डूबने से 31 लोगों की मौत, फ्रांस के गृहमंत्री ने बताया सबसे बड़ी त्रासदी
By अनिल शर्मा | Published: November 25, 2021 07:41 AM2021-11-25T07:41:24+5:302021-11-25T07:44:41+5:30
पेरिस: इंग्लिश चैनल में बुधवार को एक नौका डूबने से उसमें सवार ब्रिटेन जा रहे कम से कम 31 प्रवासियों की मौत हो गई। फ्रांस के गृह मंत्री ने इसे प्रवासियों की सबसे बड़ी त्रासदी करार दिया है।
गृह मंत्री जेराल्ड दरमानिन ने कहा कि माना जा रहा है कि नौका पर 34 लोग सवार थे जिनमें से 31 के शव मिले हैं और दो लोग जीवित पाए गए हैं। एक व्यक्ति अब भी लापता है। बुधवार शाम तक संयुक्त रूप से फ्रांस और ब्रिटिश बचावकर्मी जीवित लोगों की तलाश कर रहे थे। यात्री किस देश के नागरिक थे यह नहीं बताया गया है।
ब्रिटेन के प्रधानमंत्री ने सरकार की आपदा समिति की बैठक बुलाई है और फ्रांस के गृह मंत्री हादसे में जीवित बचे लोगों से कैले के अस्पताल में मिलने गए। फ्रांस के गृह मंत्री ने कहा कि इस घटना के संबंध में चार संदिग्ध मानव तस्करों को बुधवार को गिरफ्तार किया गया है।