पीएम मोदी को सांप दिखाकर धमकी देने वाली पाकिस्तानी सिंगर की बढ़ी मुश्किलें, हो सकती है इतने साल की जेल
By पल्लवी कुमारी | Published: September 17, 2019 05:34 PM2019-09-17T17:34:24+5:302019-09-17T17:34:24+5:30
राबी पीरजादा पाकिस्तान की फेमस पॉप सिंगर है। वह कई सारे टीवी शो में भी नजर आ चुकी हैं। कश्मीर को लेकर अपने विवादित गाने को लेकर भी वह चर्चा में रह चुकी हैं।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को सांप और मगरमच्छ दिखाकर धमकाने वाली पाकिस्तानी पॉप सिंगर राबी पीरजादा की मुश्किलें बढ़ गई है। पाकिस्तान के वन्य जीव संरक्षण और उद्यान विभाग ने गैरकानूनी तरीके से सांप और मगरमच्छ रखने के मामले में चालान भरने का भी आदेश दिया है। इस मामले में राबी पीरजादा के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर उन्हें दो साल की सजा भी सुनाई जा सकती है। लाहौर में अपने ब्यूटी पार्लर में विदेशी जानवरों को पालतू जानवरों के तौर पर रखने का वन्य जीव संरक्षण और उद्यान विभाग ने आरोप लगाया है। जम्मू-कश्मीर से केंद्र की मोदी सरकार द्वारा आर्टिकल 370 को खत्म करने के बाद राबी पीरजादा ने एक वीडियो जारी कर पीएम मोदी को धमकी दी थी।
वीडियो जारी कर पाकिस्तानी पॉप सिंगर राबी पीरजादा ने क्या धमकी दी थी
पॉप सिंगर राबी पीरजादा ने पीएम मोदी को धमकाने वाला वीडियो अपने सोशल मीडिया अकाउंट पर शेयर किया था। वीडियो में वो बहुत सारे सांप और मगरमच्छ के साथ दिख रही थी। राबी पीरजादा वीडियो में कह रही थी, ''मैं एक कश्मीरी लड़की हूं और भारत के लिए अपने सांपों को तैयार कर रही हूं। यह गिफ्ट खासतौर पर मोदी के लिए है। आप कश्मीर वासियों को परेशान कर रहे हैं। तो आप मरने के लिए तैयार हो जाए। ओके। ''
Here u go https://t.co/WBwjCJXwFp
— Rabi Pirzada (@Rabipirzada) September 5, 2019
इस वीडियो के सामने आने के बाद पाकिस्ताव के वन्य जीव संरक्षण और उद्यान विभाग ने इसपर संज्ञान लेते हुये कानूनी कार्रवाई की और चालान काटा।
चालान कटने पर पाकिस्तानी पॉप सिंगर राबी पीरजादा ने क्या कहा?
चालान कटने के बाद राबी पीरजादा ने कहा है कि ये सांप और मगरमच्छ उनका नहीं है। राबी पीरजादा ने कहा है कि ये एक सपेरे का है। राबी पीरजादा ने वन्यजीव विभाग पर भी पक्षपात करने और पीएम नरेन्द्र मोदी को खुश करने के लिए किया गया काम बताया है।