OMG! 'सुपर मॉम' बाघिन 8वीं बार बनी मां, अब तक दे चुकी है 30 शावकों को जन्म
By भाषा | Published: January 27, 2019 05:26 PM2019-01-27T17:26:25+5:302019-01-27T17:26:25+5:30
सुपर मॉम के नाम से प्रसिद्ध ‘‘कॉलरवाली’’ बाघिन इससे पहले सात बार मां बन चुकी है। सात बार में बाघिन ने कुल 26 शावकों को जन्म दिया था। आठवीं बार बाघ शावकों के जन्म के बाद बाघिन के कुल शावकों की संख्या बढ़कर 30 हो गई है।
मध्यप्रदेश में स्थित पेंच राष्ट्रीय उद्यान की मशहूर ‘‘कॉलरवाली’’ बाघिन अपने चार नए शावकों के साथ 27 जनवरी सुबह पर्यटकों को नजर आई। आठवीं बार बाघिन ने चार शावकों को जन्म दिया है। सुपर मॉम के नाम से प्रसिद्ध ‘‘कॉलरवाली’’ बाघिन इससे पहले सात बार मां बन चुकी है। सात बार में बाघिन ने कुल 26 शावकों को जन्म दिया था। आठवीं बार बाघ शावकों के जन्म के बाद बाघिन के कुल शावकों की संख्या बढ़कर 30 हो गई है।
पेंच राष्ट्रीय उद्यान के क्षेत्र संचालक विक्रम सिंह परिहार ने इसकी आधिकारिक पुष्टि करते हुए को बताया कि कॉलरवाली बाघिन ने चार नए शावकों को जन्म दिया है। बाघिन के साथ मांद से बाहर आए शावकों की उम्र लगभग एक माह होगी। सभी शावक पूरी तरह स्वस्थ हैं। पार्क प्रबंधन 24 घंटे बाघिन और शावकों की निगरानी व सुरक्षा कर रहा है।
रविवार की सुबह करीब साढ़े आठ बजे सफारी के दौरान फायर लाइन के नजदीक सालई टेक वन क्षेत्र में अचानक बाघिन पर्यटकों के सामने आ गई। पर्यटकों ने कॉलरवाली बाघिन को एक-एक कर अपने चारों को शावकों को मुंह में दबा कर सड़क पार करते हुए देखा। बाघिन के इस बर्ताव ने पर्यटकों को हैरान कर दिया। वाइल्ड लाइफ फोटोग्राफर ने बाघिन की दुर्लभ तस्वीरें अपने कैमरे में कैद कर लीं। परिहार ने बताया कि बाघिन और शावकों की सुरक्षा के मद्देनजर इस क्षेत्र में सफारी प्रतिबंधित कर दी गई है।
पेंच प्रबंधन के पास मौजूद रिकॉर्ड के मुताबिक, कॉलरवाली बाघिन (टी-15) का जन्म साल 2005 में हुआ था। 11 मार्च 2008 को सुरक्षा के लिहाज से बाघिन को रेडियो कॉलर लगाया गया था। तब से वह पर्यटकों में ‘कॉलरवाली बाघिन’’ के नाम से मशहूर हो गई। मई 2008 में बाघिन ने पहली बार तीन शावकों को जन्म दिया था। अक्टूबर 2009 में उसने 4 शावकों को और 2010 में 5 शावकों को जन्म दिया। तब नदी के किनारे शावकों के साथ खेलती बाघिन की तस्वीरों ने देश-विदेश में सुर्खियां बटोरी थीं। मई 2012 में बाघिन ने 3, अक्टूबर 2013 में 3, अप्रैल 2015 में चार और अप्रैल 2017 में 4 शावकों को जन्म दिया था। पार्क के अधिकारियों के मुताबिक, कॉलरवाली समेत कुल 12 बाघिनों का पेंच राष्ट्रीय उद्यान में रहवास है।