कौन है वह बड़ा कांग्रेस नेता जो आज एक बजे भाजपा में शामिल होगा? सोशल मीडिया पर अटकलों का बाजार गर्म

By लोकमत न्यूज़ डेस्क | Published: June 9, 2021 12:21 PM2021-06-09T12:21:53+5:302021-06-09T12:32:45+5:30

कांग्रेस के एक बड़े नेता के बुधवार को बीजेपी में शामिल होने की अटकलें लग रही हैं। इसे लेकर सुबह से ही सोशल मीडिया में कई तरह के दावे किए जा रहे हैं। कई नामों पर चर्चा हो रही है।

Big Congress leader to join BJP 9 june speculation on social media continues | कौन है वह बड़ा कांग्रेस नेता जो आज एक बजे भाजपा में शामिल होगा? सोशल मीडिया पर अटकलों का बाजार गर्म

बीजेपी में शामिल होगा कांग्रेस का एक बड़ा नेता! (फाइल फोटो)

Highlightsभाजपा में बुधवार को एक बड़े कांग्रेसी नेता के शामिल होने की अटकलेंजितिन प्रसाद और सचिन पायलट के नामों पर चल रही हैं सोशल मीडिया में अटकलेंपिछले साल पायलट और राजस्थान के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत के बीच टकराव भी सामने आया था

बुधवार सुबह सोशल मीडिया पर यह ट्रेंड करने लगा कि कौन है वह कांग्रेस नेता जो आज दोपहर एक बजे भाजपा में शामिल होने वाला है? भाजपा के आधिकारिक ट्रविटर हैंडल से अभी तक इस बारे में कोई सूचना नहीं दी गयी है लेकिन सोशलमीडिया यूजर कुछ मीडिया संस्थानों के हवाले से नाम उछालना शुरू कर चुके हैं।

सोशलमीडिया पर पहले पहले जितिन प्रसाद का नाम उछाला गया कि वही वह नेता हैं जो आज भाजपा में शामिल होगा। जितिन प्रसाद कांग्रेस के पुराने नेता जितेंद्र प्रसाद के बेटे हैं। खुद जितिन को कांग्रेस में दो दशकों से  ज्यादा वक्त हो गया। 

जितिन साल 2001 में भारतीय युवा कांग्रेस के सचिव बनाए गये थे। साल 2004 में जितिन पहली बार सांसद बने। उन्होंने अपने गृह जनपद शाहजहाँपुर से जीत हासिल की।

जितिन यूपीए सरकार में रहे थे मंत्री

कांग्रेस आलाकमान में उनकी छवि अच्छी रही है। साल 2008 में वो मनमोहन सिंह मंत्रिमण्डल में राज्य मंत्री के तौर पर शामिल किये गये। जितिन साल 2009 का लोकसभा चुनाव भी जीते और केंद्र सरकार में मंत्री बने। जितिन प्रसाद दून स्कूल से पढ़े-लिखे हैं। उन्हें उन युवा कांग्रेसी नेताओं में माना जाता है जिनके राहुल गांधी और प्रियंका गांधी से मित्रवत सम्बन्ध हैं। 

इसके बावजूद उनके भाजपा में जाने की अफवाह समय-समय पर उड़ती रही है। जब मध्यप्रदेश के धाकड़ कांग्रेसी नेता ज्योतिरादित्य सिंधिया भाजपा में शामिल हुए तब भी जितिन प्रसाद का नाम उछला था।

सचिन पायलय का नाम भी चर्चा में

मीडिया में जो दूसरा नाम उछल रहा है वह सचिन पायलट का है। जितिन के नाम पर लोगों का ज्यादा जोर है लेकिन एक दैनिक समाचारपत्र में छपी खबर को साझा करके लोग सचिन का नाम उछाल रहे हैं। सचिन ने मीडिया से कहा था कि कांग्रेस के लिए जिन्होंने सबकुछ लगा दिया उनकी सुनवाई नहीं हो रही है। 

पायलट के इस बयान को राजस्थान भाजपा के नेताओं ने हाथोंहाथ लिया और यह अटकल लगायी जाने लगी कि पायलट के मन में कुछ खिचड़ी पक रही है। आपको याद ही होगा कि पिछले ही साल पायलट और राजस्थान के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत के बीच टकराव खुलकर सामने आ गया था।

सोशल मीडिया पर दोनों के समर्थकों ने जमकर आरोप-प्रत्यारोप लगाये। पायलट रूठकर दिल्ली आकर बैठ गये। माना गया कि राहुल और प्रियंका के समझाने पर ही पायलट माने। कांग्रेस आलाकमान ने पायलट द्वारा उठाये गये मुद्दों को सुलझाने के लिए एक समिति भी बनायी। लेकिन हालिया घटनाक्रम से लगता नहीं है कि वह मामला पूरी तरह अंजाम को पहुँचा है। 

बुधवार को पायलट ने राजस्थान भाजपा नेताओं को नसीहत देकर उनके बगावत की अटकलों से जुड़ी खबरों को अफवाह बताया। पायलट ने भाजपा पर हमला करते हुए कहा कि वो राजस्थान में विपक्ष की भूमिका ठीक से नहीं निभा पा रही है।

जितिन और ज्योतिरादित्य सिंधिया का दिलचस्प है कनेक्शन

जितिन और ज्योतिरादित्य की पृष्ठभूमि और कद काफी मिलता जुलता है। दोनों के पिता कांग्रेस के दिग्गज नेता रहे। दोनों को राहुल और प्रियंका का दोस्त माना जाता है। दोनों को कांग्रेस के भावी कर्णधारों में शुमार किया जाता है।

जितिन और सचिन की पृष्ठभूमि ज्योतिरादित्य सिंधिया से पूरी तरह मिलती है। तीनों के पिता कांग्रेस के दिग्गज नेता रहे। तीनों को राहुल और प्रियंका का दोस्त माना जाता है। तीनों को कांग्रेस के भावी कर्णधारों में शुमार किया जाता था। ज्योतिरादित्य के भाजपा में जाने के बाद सोशलमीडिया पर लोग कहने लगे हैं कि राहुल गांधी और प्रियंका गांधी को छोड़कर कोई भी कांग्रेस नेता अब भाजपा में जा सकता है।

बहरहाल, एक बजे इस नाटक से पर्दा उठ जाएगा। तभी पता चलेगा कि सचमुच कोई कांग्रेस नेता भाजपा में शामिल हो रहा है या नहीं। अगर हो रहा है तो कौन हो रहा है।

Web Title: Big Congress leader to join BJP 9 june speculation on social media continues

ज़रा हटके से जुड़ीहिंदी खबरोंऔर देश दुनिया खबरोंके लिए यहाँ क्लिक करे.यूट्यूब चैनल यहाँ इब करें और देखें हमारा एक्सक्लूसिव वीडियो कंटेंट. सोशल से जुड़ने के लिए हमारा Facebook Pageलाइक करे