पेरू में रस्सियों से बंधी 800 साल पुरानी ममी जमीन में दबी मिली, चेहरा हाथों से ढका हुआ था
By अनिल शर्मा | Published: November 28, 2021 09:25 AM2021-11-28T09:25:00+5:302021-11-28T09:39:50+5:30
स्टेट यूनिवर्सिटी ऑफ सैन मार्कोस के वैन डालन लूना ने कहा, मम्मी की मुख्य विशेषता यह है कि पूरे शरीर को रस्सियों से बांधा गया था और हाथों से चेहरा ढंका हुआ था, जो स्थानीय अंतिम संस्कार पैटर्न का हिस्सा होगा।
लीमा: पुरातत्वविदों की एक टीम को पेरू के केंद्रीय तट पर कम से कम 800 साल पुरानी ममी जमीन में दबी मिली है। विशेषज्ञों ने कहा कि ममीकृत अवशेष उस संस्कृति के व्यक्ति के थे जो दक्षिण अमेरिकी देश के तट और पहाड़ों के बीच विकसित हुई थी। पुरातत्वविद् पीटर वान डेलन लूना ने कहा कि ममी लीमा क्षेत्र में खोजी गई थी। हालांकि अभी ममी के लिंग की पहचान नहीं की गई है।
स्टेट यूनिवर्सिटी ऑफ सैन मार्कोस के वैन डालन लूना ने कहा, मम्मी की मुख्य विशेषता यह है कि पूरे शरीर को रस्सियों से बांधा गया था और हाथों से चेहरा ढंका हुआ था, जो स्थानीय अंतिम संस्कार पैटर्न का हिस्सा होगा। बकौल लूना, अवशेष एक ऐसे व्यक्ति के हैं जो देश के उच्च अंडियन क्षेत्र में रहता था। रेडियोकार्बन डेटिंग एक अधिक सटीक कालक्रम देगा।
लीमा शहर के बाहरी इलाके के एक भूमिगत संरचना के अंदर ममी मिली है। उन्होंने कहा कि मकबरे में चीनी मिट्टी की चीजें, सब्जियों के अवशेष और पत्थर के औजारों सहित प्रसाद भी रखा मिला है।
पेरू - (पर्यटन स्थल माचू पिच्चू का घर) - इंका साम्राज्य से पहले और बाद में विकसित संस्कृतियों के सैकड़ों पुरातात्विक स्थलों का घर है, जो 500 साल पहले दक्षिण अमेरिका के दक्षिणी हिस्से (दक्षिणी इक्वाडोर और कोलंबिया से लेकर मध्य चिली तक) पर हावी था।