Manohar Lal Khattar का किसानों से संवाद रद्द, करनाल में बवाल किसानों पर लाठीचार्ज, पानी की बौछार
By गुणातीत ओझा | Published: January 10, 2021 10:50 PM2021-01-10T22:50:57+5:302021-01-10T22:51:47+5:30
हरियाणा के करनाल में मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर के कार्यक्रम का विरोध कर रहे प्रदर्शनकारी किसानों पर पुलिस ने वाटर कैनन का इस्तेमाल किया है और आंसू गैस के गोले छोड़े हैं। प्रदर्शनकारी किसानों पर पुलिस ने लाठीचार्ज भी किया है।
किसान आंदोलन
करनाल में बवाल सीएम खट्टर का कार्यक्रम रद्द
किसानों पर लाठीचार्ज पानी की बौछार आंसू गैस के गोले दागे
दिल्ली बॉर्डर पर चल रहे किसानों और सरकार के बीच बढ़ते तनाव की खबरें तो आ ही रही थीं। वहीं अब हरियाणा के करनाल में भी पुलिस और प्रदर्शनकारी किसानों के बीच टकराव हुआ है। हरियाणा के करनाल में मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर के कार्यक्रम का विरोध कर रहे प्रदर्शनकारी किसानों पर पुलिस ने वाटर कैनन का इस्तेमाल किया है और आंसू गैस के गोले छोड़े हैं। प्रदर्शनकारी किसानों पर पुलिस ने लाठीचार्ज भी किया है।
करनाल जिले के कैमला गांव में मनोहर लाल खट्टर भाजपा की ओर से आयोजित किसान महापंचायत को संबोधित करने वाले हैं। भाजपा की इस महापंचायत के विरोध के लिए किसान गांव की ओर कूच कर रहे थे। सैकड़ों किसान आसपास के इलाके से वहां जमा हो चुके हैं। पुलिस ने उन्हें तितर-बितर करने की कोशिश की, लेकिन किसान नहीं माने। पुलिस ने उग्र किसानों पर ठंडे पानी की बौछार और आंसू गैस के गोले दागे हैं। इससे वहां स्थिति तवानपूर्ण बनी हुई है। पुलिस से झड़प के बाद ये सभी किसान फिलहाल गांवों और खेत खलिहानों की ओर चले गए हैं। वहां भारी संख्या में पुलिस बल की तैनाती की गई है।
समाचार एजेंसी पीटीआई के मुताबिक, हरियाणा पुलिस ने रविवार को करनाल जिले के कैमला गांव की ओर किसानों को प्रदर्शन से रोकने के लिए वाटर कैनन और आंसू गैस के गोले का इस्तेमाल किया, जहां मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर एक 'किसान महापंचायत' को संबोधित करेंगे। मुख्यमंत्री के दौरे के लिए पुलिस ने सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए हैं, जहां वह किसानों से कृषि कानूनों के फायदे के ऊपर बात करेंगे।
कानून को निरस्त करने की मांग कर रहे प्रदर्शनकारी किसानों ने पहले ही 'किसान महापंचायत' का विरोध करने की घोषणा की थी। कैमला गांव की ओर मार्च करने के दौरान किसान भाजपा की अगुवाई वाली सरकार के खिलाफ काले झंडे लेकर नारेबाजी कर रहे थे। किसानों को कार्यक्रम स्थल तक पहुंचने से रोकने के लिए पुलिस ने गांव के प्रवेश बिंदुओं पर बैरिकेड्स लगा दिए हैं।
कांग्रेस प्रवक्ता रणदीप सिंह सुरजेवाला ने इस बीच सीएम खट्टर पर निशाना साधा है। उन्होंने ट्वीट कर कहा है, "मा. मनोहर लाल जी, करनाल के कैमला गाँव में किसान महापंचायत का ढोंग बंद कीजिए। अन्नदाताओं की संवेदनाओं एवं भावनाओं से खिलवाड़ करके कानून व्यवस्था बिगाड़ने की साजिश बंद करिए। संवाद ही करना है तो पिछले 46 दिनों से सीमाओं पर धरना दे रहे अन्नदाता से कीजिए।"