Hobart International: 2 साल बाद कोर्ट में वापसी, महिला युगल के फाइनल में पहुंचीं सानिया मिर्जा

By भाषा | Published: January 17, 2020 01:44 PM2020-01-17T13:44:20+5:302020-01-17T13:44:20+5:30

सानिया और किचेनोक की पांचवीं वरीयता प्राप्त जोड़ी दूसरी वरीयता प्राप्त चीन की शुआइ पेंग और शुआइ झांग से खेलेंगी।

Hobart International 2020: Sania Mirza on a comeback high, cruises into women's doubles final | Hobart International: 2 साल बाद कोर्ट में वापसी, महिला युगल के फाइनल में पहुंचीं सानिया मिर्जा

Hobart International: 2 साल बाद कोर्ट में वापसी, महिला युगल के फाइनल में पहुंचीं सानिया मिर्जा

भारतीय टेनिस स्टार सानिया मिर्जा यूक्रेन की नादिया किचेनोक के साथ होबार्ट इंटरनेशनल महिला युगल फाइनल में पहुंच गई। सानिया और किचेनोक ने स्लोवेनिया की तमारा जिदांसेक और चेक गणराज्य की मारि बूजकोवा को एक घंटे 24 मिनट तक चले सेमीफाइनल में 7-6, 6-2 से मात दी। 

सानिया और किचेनोक की पांचवीं वरीयता प्राप्त जोड़ी दूसरी वरीयता प्राप्त चीन की शुआइ पेंग और शुआइ झांग से खेलेंगी। चीनी जोड़ी को वॉकओवर मिला जब बेल्जियम की कर्स्टन फ्लिपकेंस और एलिसन वान ने चोट के कारण सेमीफाइनल मुकाबला छोड़ दिया। सानिया और उनकी जोड़ीदार को पहले सेट में काफी संघर्ष करना पड़ा लेकिन दूसरा सेट आसान रहा। पहले सेट में मुकाबला बराबरी का था और स्कोर 6-6 रहने पर टाइब्रेकर तक खिंचा। टाइब्रेकर में सानिया और किचेनोक ने जीत दर्ज की। 

दूसरे सेट में सानिया और किचेनोक ने विरोधी की सर्विस तीन बार तोड़कर आसानी से जीत दर्ज की। उन दोनों ने 11 में से चार ब्रेक प्वाइंट भुनाये जबकि विरोधी टीम पांच में से दो ही तब्दील कर सकी। सानिया मां बनने के बाद दो साल टेनिस से दूर थीं। पाकिस्तानी क्रिकेटर शोएब मलिक से निकाह करने वाली सानिया ने 2018 में इजहान को जन्म दिया। उन्होंने अक्टूबर 2017 में आखिरी टूर्नामेंट खेला था। 

भारतीय टेनिस को नयी बुलंदियों तक ले जाने वाली सानिया युगल में नंबर एक रह चुकी हैं और छह बार की ग्रैंडस्लैम विजेता हैं। उन्होंने 2013 में एकल टेनिस खेलना छोड़ दिया था। वह 2007 में डब्ल्यूटीए एकल रैंकिंग में 27वें स्थान तक पहुंची थीं। अपने कैरियर में वह लगातार कलाई और घुटने की चोट से जूझती रही हैं।

Web Title: Hobart International 2020: Sania Mirza on a comeback high, cruises into women's doubles final

टेनिस से जुड़ीहिंदी खबरोंऔर देश दुनिया खबरोंके लिए यहाँ क्लिक करे.यूट्यूब चैनल यहाँ इब करें और देखें हमारा एक्सक्लूसिव वीडियो कंटेंट. सोशल से जुड़ने के लिए हमारा Facebook Pageलाइक करे