प्रियांक शर्मा पर एक अस्पताल के बाहर अनजान शख्स ने किया हमला, एक्टर ने दर्ज कराया मामला
By मनाली रस्तोगी | Published: August 3, 2022 02:32 PM2022-08-03T14:32:07+5:302022-08-03T14:38:34+5:30
बिग बॉस 11 फेम अभिनेता प्रियांक शर्मा पर हाल ही में गाजियाबाद के एक अस्पताल में हमला किया गया था। उन्होंने कहा कि अज्ञात व्यक्ति उन पर हमला कर फरार हो गया।
गाजियाबाद: एक्टर प्रियांक शर्मा ने कहा कि 30 जुलाई को गाजियाबाद के एक अस्पताल में एक अज्ञात व्यक्ति ने उनपर हमला किया था। उन्हें कुछ चोटें आई थीं, लेकिन वो बच गए थे। एक्टर अपने माता-पिता के साथ एक अस्पताल गए थे, जहां एक व्यक्ति ने उनपर हमला किया। प्रियांक ने कहा कि वो अपनी मां के चेकअप के लिए एक अस्पताल गए थे और उनके पिता भी उनके साथ थे।
उन्होंने कहा कि अस्पताल से बाहर निकलने के दौरान उनपर हमला किया गया। ETimes को प्रियांक शर्मा ने बताया, "अचानक कहीं से इस आदमी ने मुझपर हमला कर दिया और मुझे पीटना शुरू कर दिया। मैंने उसका हाथ पकड़ने और उसे पीछे धकेलने में कामयाब रहा। खूब हंगामा हुआ। अस्पताल प्रशासन के दो लोग मेरे बचाव में आए और मैं वास्तव में उनका आभारी हूं। जिस व्यक्ति ने मुझपर हमला करने की कोशिश की वह भाग गया। ये डरावनी स्थिति थी।"
प्रियांक ने कहा कि उन्होंने कौशांबी थाने में पहले ही शिकायत दर्ज करा दी है और कहा, "हमने बाद में सीसीटीवी फुटेज के लिए अस्पताल से संपर्क कर पुलिस को सौंपने की कोशिश की, लेकिन अस्पताल के सुरक्षाकर्मियों ने हमें नहीं दिया। भारतीय दंड संहिता की धारा 323 के तहत मामला दर्ज किया गया है।" प्रियांक ने डेटिंग रियलिटी शो एमटीवी स्प्लिट्सविला में भाग लेने के बाद प्रसिद्धि प्राप्त की और बाद में बिग बॉस 11 में दिखाई दिए। उन्होंने पंच बीट सीजन 2 और मम भाई जैसी वेब सीरीज में अभिनय किया है।