एयरटेल ने दिया झटका, 20 से 25 प्रतिशत तक टैरिफ बढ़ाने की घोषणा, जानिए अब कौन सा प्लान कितने का हुआ
By विनीत कुमार | Published: November 22, 2021 11:42 AM2021-11-22T11:42:07+5:302021-11-22T12:31:49+5:30
Airtel Plan: एयरटेल ने मोबाइल ग्राहकों को झटका देते हुए टैरिफ प्लान के दाम बढ़ाने का ऐलान किया है। दूसरी कंपनियां भी इस दिशा में कदम आगे बढ़ा सकती हैं। जानिए नए टैरिफ प्लान...
नई दिल्ली: टेलिकॉम ऑपरेटर भारती एयरटेल ने सोमवार को बड़ी घोषणा करते हुए विभिन्न प्रीपेड प्लान के टैरिफ में 20-25 प्रतिशत तक की वृद्धि की घोषणा कर दी। इसमें टैरिफ वॉयस प्लान, अनलिमिटेड वॉयस बंडल और डेटा टॉप अप शामिल हैं।
शुरुआती स्तर के वॉयस प्लान में लगभग 25 फीसदी की बढ़ोतरी की गई है, जबकि अनलिमिटेड वॉयस बंडल के ज्यादातर मामलों में बढ़ोतरी लगभग 20 फीसदी है। इन बदलाव के बाद अब नई योजना के तहत ग्राहकों को रिचार्ज करने पर 20 रुपये से 501 रुपये अधिक तक खर्च करना पड़ सकता है। एयरटेल ने बताया कि नए टैरिफ 26 नवंबर 2021 से लागू होंगे।
एयरटेल प्रीपेड: कौन सा प्लान कितना महंगा हुआ
नई घोषणा के बाद शुरुआती वायस प्लान का टैरिफ 28 दिनों की वैधता के साथ मौजूदा 79 रुपये की जगह अब 99 रुपये होगा। इसमें 50 प्रतिशत अधिक टॉकटाइम (99 रुपये), 200 एमबी डेटा और एक पैसा प्रति सेंकेंड का वॉयस टैरिफ जैसे लाभ मिलेंगे।
इसके अलावा अनलिमिटेड वॉयस बंडल की बात करें तो 28 दिनों की वैधता के साथ 149 रुपये का प्लान अब 179 रुपये में उपलब्ध होगा। इसमें अनलिमिटेड कॉलिंग और हर रोज 100 एसएमएस सहित 1 जीबी डेटा मिलेगा। अन्य बदले हुए प्लान की कीमत भी इस प्रकार है-
एयरटेल अनलिमिटेड वॉयस बंडल प्लान
मौजूदा कीमत | वैधता | नई कीमत | क्या मिलेगा लाभ |
219 | 28 | 265 | अनलिमिटेड कॉलिंग, रोज 100 SMS, 1GB डेटा |
249 | 28 | 299 | अनलिमिटेड कॉलिंग, रोज 100 SMS, 1.5 GB डेटा |
298 | 28 | 359 | अनलिमिटेड कॉलिंग, रोज 100 SMS, 2 GB डेटा |
399 | 56 | 479 | अनलिमिटेड कॉलिंग, रोज 100 SMS, 1 GB डेटा |
449 | 56 | 549 | अनलिमिटेड कॉलिंग, रोजाना 100 SMS, 2 GB डेटा |
379 | 84 | 455 | अनलिमिटेड कॉलिंग, रोजाना 100 SMS, 6 GB डेटा |
598 | 84 | 719 | अनलिमिटेड कॉलिंग, रोजाना 100 SMS, 1.5 GB डेटा |
698 | 84 | 839 | अनलिमिटेड कॉलिंग, रोजाना 100 SMS, 2 GB डेटा |
1498 | 365 | 1799 | अनलिमिटेड कॉलिंग, रोजाना 100 SMS, 24 GB डेटा |
2498 | 365 | 2999 | अनलिमिटेड कॉलिंग, रोजाना 100 SMS, 2 GB डेटा |
डेटा टॉप अप्स प्लान
48 | अनलिमिडेट | 58 | 3 GB |
98 | अनलिमिडेट | 118 | 12 GB |
251 | अनलिमिडेट | 301 | 50 GB |
माना जा रहा है कि एयरटेल की ओर से टैरिफ बढ़ाए जाने के बाद वोडाफोन-Idea और जियो भी इस दिशा में कदम बढ़ा सकते हैं। एयरटेल ने टैरिफ बढ़ाने की घोषणा करते हुए कहा कि उसने हमेशा यह सुनिश्चित किया है कि मोबाइल प्रति उपयोगकर्ता औसत राजस्व (एआरपीयू) 200 रुपये और आखिरकार 300 रुपये होना चाहिए, ताकि पूंजी पर उचित प्रतिफल मिल सके।
एयरटेल ने एक बयान में कहा, ‘हम यह भी मानते हैं कि एआरपीयू के इस स्तर से नेटवर्क और स्पेक्ट्रम में जरूरी पर्याप्त निवेश किया जा सकेगा। इससे भी महत्वपूर्ण बात यह है कि इससे एयरटेल को भारत में 5जी लागू करने के लिए मदद मिलेगी।’
(भाषा इनपुट)