Uttar pradesh ki khabar: प्रियंका गांधी और मौर्य में बयानबाजी, उपमुख्यमंत्री बोले-भाई को पीएम बनवाएंगी, लेकिन जीत नहीं दिला सकीं

By भाषा | Published: June 6, 2020 09:42 PM2020-06-06T21:42:39+5:302020-06-06T21:42:39+5:30

उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने कहा, ‘‘मैं उन्हें गंभीरता से नहीं लेता... हमने उनका नाम 'प्रियंका टिवटर वाड्रा' रखा है। वह सिर्फ दो-तीन दिन ट्वीट करती हैं, और मीडिया उसी में व्यस्त हो जाता है। सोशल मीडिया पर उन्हें प्रमुख राष्ट्रीय नेता बताया जाता है।’’

Uttar pradesh lucknow UP govt Priyanka Gandhi and keshav prasad maurya ‘Priyanka Twitter Vadra’ deputy chief minister | Uttar pradesh ki khabar: प्रियंका गांधी और मौर्य में बयानबाजी, उपमुख्यमंत्री बोले-भाई को पीएम बनवाएंगी, लेकिन जीत नहीं दिला सकीं

कांग्रेस के नेताओं राहुल गांधी, प्रियंका गांधी और अन्य को अपनी आंखों की जांच करवानी चाहिए। (file photo)

Highlightsगौरतलब है कि 2019 संसदीय चुनाव में राहुल गांधी को अमेठी सीट पर भाजपा की स्मृति ईरानी के हाथों हार मिली। कांग्रेस महाराष्ट्र, पंजाब, राजस्थान और छत्तीसगढ़ को नहीं देखना चाहती है।

लखनऊः कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा पर चुटकी लेते हुए उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने शनिवार को कहा कि सोशल मीडिया उन्हें ‘‘प्रमुख राष्ट्रीय नेता’’ के रूप में दिखाता है लेकिन वह 2019 लोकसभा चुनाव में अमेठी से अपने भाई और पार्टी के तत्कालीन अध्यक्ष राहुल गांधी की जीत भी सुनिश्चित नहीं कर सकीं।

राज्य की राजनीति में प्रियंका के प्रभाव को कमतर आंकते हुए मौर्य ने कहा, ‘‘मैं उन्हें गंभीरता से नहीं लेता... हमने उनका नाम 'प्रियंका टिवटर वाड्रा' रखा है। वह सिर्फ दो-तीन दिन ट्वीट करती हैं, और मीडिया उसी में व्यस्त हो जाता है। सोशल मीडिया पर उन्हें प्रमुख राष्ट्रीय नेता बताया जाता है।’’ उन्होंने पीटीआई-भाषा से कहा, ‘‘हर कोई जानता है कि 2019 के लोकसभा चुनाव में वह कांग्रेस पार्टी के चुनाव प्रचार के लिये आयी थी, आशा कर रही थीं कि अपने भाई को प्रधानमंत्री बनवाएंगी, लेकिन वह जीत तक सुनिश्चित नहीं कर सकीं।’’

गौरतलब है कि 2019 संसदीय चुनाव में राहुल गांधी को अमेठी सीट पर भाजपा की स्मृति ईरानी के हाथों हार मिली। मौर्य ने कहा, ‘‘कांग्रेस उत्तर प्रदेश में अपना आधार खो चुकी है। कांग्रेस महाराष्ट्र, पंजाब, राजस्थान और छत्तीसगढ़ को नहीं देखना चाहती है। वह दृष्टि दोष का शिकार है कांग्रेस के नेताओं राहुल गांधी, प्रियंका गांधी और अन्य को अपनी आंखों की जांच करवानी चाहिए। जब उनकी आंख की जांच हो जायेगी तब वे उत्तर प्रदेश के साथ-साथ राजस्थान, महाराष्ट्र और पंजाब की असलियत देख पायेंगे।''

उन्होंने कहा, ‘‘अगर कांग्रेस उत्तर प्रदेश में भाजपा सरकार को गलत तरीके से देखना चाहती है और मोदी जी और योगी जी पर आरोप ही लगाना चाहती है तो इसका कोई इलाज नहीं है। मैं उनको एक ही सलाह दे सकता हूं कि वह एक अच्छे डॉक्टर से संपर्क करें और अच्छा चश्मा पहनें।’’ मौर्य ने दावा किया कि प्रधानमंत्री मोदी के दूसरे कार्यकाल का पहला साल उपलब्ध्यिों भरा है। देश आत्मनिर्भर बनने की दिशा में आगे बढ़ रहा है। मौर्य की टिप्पणियों के जवाब में उत्तर प्रदेश कांग्रेस के प्रवक्ता अशोक सिंह ने कहा कि गांधी परिवार ने देश के लिए अपने परिवार के सदस्यों की कुर्बानी दी है।

उन्होंने कहा कि ऐसी टिप्पणियां करने से पहले मौर्य को पूरे राज्य में गडढा युक्त सड़कों की मरम्मत करानी चाहिए क्योंकि लोक निर्माण विभाग के प्रभारी वही हैं। प्रियंका गांधी ने लॉकडाउन के दौरान उत्तर प्रदेश में अपने घरों को लौट रहे प्रवासी मजदूरों को पेश आ रही समस्याओं का मुददा प्रमुखता से उठाया था।

उधर उत्तर प्रदेश कांग्रेस के मीडिया संयोजक ललन कुमार ने मौर्य के बयान की कड़ी शब्दों में निंदा की है। उन्होंने कहा, ‘‘कांग्रेस की राष्ट्रीय महासचिव और उत्तर प्रदेश प्रभारी प्रियंका गांधी वाड्रा पर उपमुख्यमंत्री का बयान उनकी घटिया मानसिकता को प्रदर्शित करता है। इससे भाजपा की घबराहट और झुंझलाहट साफ नजर आती है। संवैधानिक पद पर बैठे व्यक्ति को शब्दों का इस्तेमाल सोच समझकर करना चाहिए।’’

कुमार ने कहा कि भाजपा द्वारा पहली बार अपमान नहीं किया गया है, भाजपा ने महिलाओं, गरीब-मजदूर और किसानों का हमेशा से अपमान किया है और अभी भी कर रही है। ये भाजपा के डीएनए में है, इस तरह की संकीर्ण मानसिकता का परिचय देना। लेकिन ये जितना भी घटिया बयान दें, जितना भी किसान-मजदूरों का अपमान करें, कांग्रेस पार्टी का ‘सेवा सत्याग्रह’ कभी बंद नहीं होगा बल्की और तेजी से बढ़ेगा। 

Web Title: Uttar pradesh lucknow UP govt Priyanka Gandhi and keshav prasad maurya ‘Priyanka Twitter Vadra’ deputy chief minister

राजनीति से जुड़ीहिंदी खबरोंऔर देश दुनिया खबरोंके लिए यहाँ क्लिक करे.यूट्यूब चैनल यहाँ इब करें और देखें हमारा एक्सक्लूसिव वीडियो कंटेंट. सोशल से जुड़ने के लिए हमारा Facebook Pageलाइक करे